कोरोना: मोहाली में पांच और चंडीगढ़ में एक और मौत, ट्राइसिटी में मिले 208 नए पॉजिटिव
- कोरोना का कहर: चंडीगढ़ में रिकॉर्ड 91, मोहाली में 67 और पंचकूला में मिले 50 नए संक्रमित
- चंडीगढ़ नगर निगम पहुंचा कोरोना: निगम कार्यालय की पहली मंजिल सील, कई कर्मचारी क्वारंटीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ट्राइसिटी में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। कोरोना से बीते 24 घंटे में मोहाली में पांच लोगों ने जबकि चंडीगढ़ में एक महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं गुरुवार को 208 नए मरीजों के मिलने से हड़कंप मच गया। नए मरीजों में चंडीगढ़ के रिकॉर्ड 91, पंचकूला के 50 और मोहाली के 67 मरीज शामिल हैं।
मोहाली में जिन लोगों की कोरोना से मौत हुई है, उनमें दो मोहाली जबकि तीन डेराबस्सी सब डिवीजन के रहने वाले हैं। पांचों मृतक कोविड समेत अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे। वहीं, 96 साल के बुजुर्ग समेत जिले में कुल 67 नए कोरोना के केस सामने आए जबकि 84 मरीज तंदुरुस्त होकर घर लौट गए।
मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि मृतकों में मोहाली निवासी एक 71 वर्षीय महिला और 70 वर्षीय पुरुष, जबकि डेराबस्सी में 61 और 68 साल के दो पुरुष और 59 वर्षीय महिला शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सभी का स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइंस के तहत अंतिम संस्कार कर दिया गया। अब जिले में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 1603 हो गई है। इसमें से 858 लोग ठीक हो गए हैं। जबकि 717 एक्टिव केस हैं। वहीं, कोरोना से अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है।
उधर, चंडीगढ़ में 91 नए मरीजों के मिलने के साथ चंडीगढ़ में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 1842 हो गई है। वहीं, कोरोना से मारने वालों की संख्या 27 हो गई है। मृतक की पहचान मलोया निवासी 50 साल की कोरोना पॉजिटिव महिला के रूप में हुई है। 12 अगस्त को पीजीआई के कोविड अस्पताल के आईसीयू में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला को रेक्टोवाजाइनल फिस्टुला के साथ ही कई अन्य गंभीर बीमारियां थी।
पंचकूला में एलीमेंट्री एजुकेशन की डिप्टी डायरेक्टर मिलीं पॉजिटिव, शिक्षा सदन का दफ्तर सील
पंचकूला में गुरुवार को 50 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। इसमें पंचकूला के 35 जबकि नौ मामले बाहर के हैं। इसके अलावा छह मामले विदेश से संबंधित हैं। शिक्षा सदन में एलीमेंट्री एजूकेशन की डिप्टी डायरेक्टर कोरोना पॉजिटिव मिलने पर बिल्डिंग को सील कर दिया है। पंचकूला के डीसी मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि बाहर से आने वाले केसों में चंडीगढ़ से तीन, ढकोली से तीन, अंबाला से दो और एक केस बलटाना से सामने आया है।
उन्होंने बताया कि पंचकूला के सेक्टर-18 व 19 में 3, पिंजौर में 5, सेक्टर-15 में 4 और सेक्टर-25, सेक्टर-4, 10, 12 ए, खेड़ा सीताराम व सेक्टर-9 में दो-दो मामले पॉजिटिव आए हैं। इसी प्रकार आशियाना कांप्लेक्स सेक्टर-20 में 2, सेक्टर-11, बरवाला, मल्लाह, सेक्टर-20, सेक्टर-23, कालका व ढालुवाला में एक एक मामला पॉजिटिव आया है। उपायुक्त ने बताया कि जिले में अब 691 पॉजिटिव केस ठीक हो गए हैं। 401 मामले एक्टिव हैं, जबकि शेष रोगियों का स्वास्थ्य विभाग द्वारा इलाज किया जा रहा है।
चंडीगढ़ नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर मिले पॉजिटिव, मचा हड़कंप
कोराना वायरस का संक्रमण नगर निगम कार्यालय पहुंच गया है। गुरुवार को ज्वाइंट कमिश्नर सौरभ अरोड़ा के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से निगम में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में निगम कार्यालय की पहली मंजिल को सील करने के साथ ज्वाइंट कमिश्नर के दफ्तर में काम करने वाले स्टाफ को क्वारंटीन कर दिया गया। हालांकि ज्वाइंट कमिश्नर के संपर्क में अतिक्रमण हटाने वाले विभाग और एमओएच के कई लोग भी थे।
वहीं कमिश्नर केके यादव और चीफ इंजीनियर शैलेंद्र सिंह की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जिससे निगम के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। गुरुवार को सुबह जैसे ही ज्वाइंट कमिश्नर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, निगम में हड़कंप मच गया। ज्वाइंट कमिश्नर के साथ ही कमिश्नर व चीफ इंजीनियर का ऑफिस भी सील कर दिया गया।
सभी कर्मचारियों को दूसरी तरफ से अंदर भेजा गया। इस दौरान कर्मचारियों में भी डर का माहौल बना रहा। क्योंकि निगम में सेंट्रल ऐसी लगा हुआ है। वहीं निगम का अतिक्रमण हटाने वाले दस्ते का ऑफिस भी तीसरी मंजिल पर है जोकि लगातार ज्वाइंट कमिश्नर के संपर्क में रहता है। कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग करने वाले टीम के नोडल ऑफिसर अनिल गर्ग का कहना है कि ज्वाइंट कमिश्नर के ऑफिस स्टाफ के 5 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। शुक्रवार को पहली मंजिल बंद रहेगी। सोमवार से ऑफिस पहले की तरह खुल जाएगा।
कोरोना की दस्तक के बाद भी कम नहीं हुई आवाजाही
सुबह ही लोगों को ज्वाइंट कमिश्नर के पॉजिटिव होने की सूचना मिल गई थी। बावजूद इसके नगर निगम कार्यालय में लोगों की आवाजाही कम नहीं हुई। लोग लगातार आते-जाते रहे। वहीं पहली मंजिल को छोड़कर बाकी सभी जगह काम भी सामान्य रूप से चलता रहा।