मंत्री विज ने केजरीवाल से कहा- हरियाणा आने-जाने वाले कर्मचारियों के रहने की व्यवस्था दिल्ली में करें
हरियाणा सरकार को दिल्ली से कोरोना के संक्रमण का डर सता रहा है। सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद को लेकर सरकार अधिक चिंतित है।अधिकतर लोग यहां से रोजाना दिल्ली नौकरी व अन्य कार्यों के लिए आते-जाते हैं। हाल ही में झज्जर के लिए पुलिस कर्मी में भी संक्रमण पाया गया है। लिहाजा लगातर राष्ट्रीय राजधानी की तरफ से बढ़ रहे खतरे को देखते हुए हरियाणा ने बार्डर क्षेत्र में सख्ती के आदेश दिए हैं।
गृहमंत्री अनिल विज ने यह आदेश दिया कि हरियाणा दिल्ली की सभी सीमाएं तुरंत प्रभाव से सील कर दी जाएं और किसी को भी आने जाने न दिया जाए। साथ ही उन्होंने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से आग्रह किया है कि वह दिल्ली से हरियाणा रोज आने जाने वाले कर्मचारियों को दिल्ली में ही रखें ताकि हरियाणा में कोरोना का संक्रमण न फैले।
स्वास्थ विभाग के मुताबिक दिल्ली में फैले संक्रमण की वजह से अब तक हरियाणा में करीब एक दर्जन लोग को कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें सोनीपत में जो चार मरीज अभी पॉजिटिव हुए हैं। सभी दिल्ली के जहांगीरपुरी से आए थे। साथ ही गुरुगाम में भी दो लोग दिल्ली की वजह से संक्रमित हुए हैं। सोनीपत के जिस सब इंस्पेक्टर की मौत हुई थी वह भी दिल्ली के निजी अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था।
ताजा हालात को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने दिल्ली सरकार को कहा है कि वह हरियाणा में रहने वाले अपने कर्मचारियों के रोजाना पास तुरंत प्रभाव से रद्द करें। दिल्ली से यह भी मांग की गई है कि वह इन कर्मचारियों के रहने के लिए दिल्ली में ही इंतजाम करें, ताकि कोरोना का संक्रमण कर्मचारियों के घरों व आसपास के क्षेत्रों न फैले।
हमें दिल्ली से खतरा
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि हमें दिल्ली से ही खतरा है। दिल्ली सरकार इस मामले में तुरंत कदम उठाए, नहीं तो बॉर्डर से किसी को भी आने जाने की इजाजत नही दी जाएगी। विज ने कहा कि हरियाणा-दिल्ली बॉर्डर को सील कर दिया गया है।
लॉकडाउन का पालन करें लोग: विज
अनिल विज ने शॉपिंग कांप्लेक्स और दुकानें खुलने की अफवाहों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने चुनौतीपूर्ण माहौल में लोगों को लॉकडाउन का पालन करने की हिदायत दी है। उन्होंने स्वीकार किया कि शनिवार को काफी जिलों में इस तरह की सूचनाओं को लेकर दुकानदारों ने दुकानें खोली थी। उन्होंने कहा कि केंद्र की ओर से एडवाइजरी संशोधित भी भेजी गई है। इसमें केवल देहात की दुकानें और इक्का-दुक्का गली मोहल्ले की दुकानों को खोलने की अनुमति है।
कच्ची शराब बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
अनिल विज ने कहा कि हरियाणा में अवैध शराब का काम करने वाले लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पानीपत के साथ यमुना नदी के साथ सटे इलाको में कच्ची शराब बनाने का धंधा चल रहा है। अवैध शराब का काम करने वाले लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस आदेश दिए हुए हैं, पुलिस उन्हें पकड़ भी रही है।
पीजीआई वैक्सीन बना ले तो बड़ी उपलब्धि
विज ने कहा कि पीजीआई चंडीगढ़ में कोरोना से लड़ने के लिए वैक्सीन का परीक्षण चल रहा है। अगर ये कामयाब हो जाता है तो मानव जाति के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होगी, क्योंकि महामारी से लड़ने के लिए जब तक कोई वैक्सीन तैयार नहीं होती तब तक खतरा तो है ही।