पंजाब विधानसभा चुनाव: परंपरागत मुद्दों से इतर लड़ा गया था चुनाव, खालिस्तान से लेकर पीएम सुरक्षा में चूक पर भिड़े थे नेता
पंजाब के चुनाव में इस बार जनता से जुड़े मुद्दे गायब रहे। इसकी जगह निजी छींटाकशी, पीएम की सुरक्षा आदि हावी रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में हमेशा से नशा, बेरोजगारी, भूजल में कमी, कैंसर, बढ़ता कर्ज विदेशों में पलायन और आतंकवाद बड़ा मुद्दा रहा है। इन्हीं मुद्दों पर लगातार चुनाव लड़े जाते रहे हैं। 2017 के बाद बेअदबी भी एक बड़ा मुद्दा बना। वहीं 2022 में चुनाव प्रचार की शुरुआत रोजगार के मुद्दे से हुई जो खत्म होने तक किन्हीं अन्य ही मुद्दों पर आकर उलझ गई। पहली बार पंजाब में मुफ्त के वायदों की झड़ी भी लगी। पंजाब के संगीन मुद्दों पर कोई बहस या बयानबाजी नहीं हुई।
पीएम की सुरक्षा में चूक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच जनवरी को फिरोजपुर में रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। मौसम खराब होने के कारण वे बठिंडा से वाया रोड फिरोजपुर रवाना हुए लेकिन रास्ते में प्रदर्शनकारियों की वजह से उनका काफिला लगभग 20 मिनट बेहद असुरक्षित क्षेत्र में खड़ा रहा। इसके बाद वे रैली को रद्द कर लौट गए थे। पीएम की सुरक्षा में चूक का यह मामला खूब गरमाया। जहां कांग्रेस ने मामले में अपना बचाव किया, वहीं भाजपा ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ दिया। ये मुद्दा इतना गरमाया कि सुप्रीम कोर्ट तक को इस मामले में दखल देना पड़ा।
सीएम चन्नी का भैया वाला बयान
मतदान से कुछ समय पहले प्रियंका गांधी के पंजाब दौरे के दौरान सीएम चरणजीत चन्नी ने यूपी और बिहार के लोगों के लिए भैया शब्द का इस्तेमाल किया। इसके बाद भाजपा कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मामले में पंजाब के साथ साथ यूपी में भी कांग्रेस को घेरा। हालांकि बाद में चन्नी ने कहा कि उन्होंने इस शब्द का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी के लिए किया था।
काला अंग्रेज
सीएम चरणजीत चन्नी ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को मोगा में एक रैली के दौरान काला अंग्रेज कहा। इस पर केजरीवाल ने कहा कि बेशक उनका रंग सांवला है लेकिन उनकी नीयत साफ है। इस मामले में चन्नी और केजरीवाल के बीच कई बार शब्द बाण चले।
कुमार विश्वास के आरोप
मतदान से कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता कुमार विश्वास ने पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर सनसनीखेज आरोप लगाया। उन्होंने एक इंटरव्यू में दावा किया कि केजरीवाल पंजाब में अलगाववादियों के समर्थक थे। केजरीवाल ने एक बार उनसे कहा था कि वे या तो पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे या स्वतंत्र राष्ट्र खालिस्तान के पहले प्रधानमंत्री बनेंगे। उनके इन आरोपों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पंजाब रैली में जिक्र कर केजरीवाल पर तंज कसा था।
अवैध खनन मामले में ईडी की कार्रवाई
अवैध खनन मामले में सीएम चरणजीत चन्नी की साली के बेटे भूपिंदर हनी पर ईडी की कार्रवाई भी पंजाब चुनाव में चर्चा में रही। विपक्ष ने इस मामले में चन्नी को घेरा, वहीं आम आदमी पार्टी ने राज्यपाल से मामले की जांच की गुहार लगाई। कांग्रेस ने इसे बदले की कार्रवाई बताया।