फिर रार की शुरुआत: सिद्धू के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात पर सुनील जाखड़ को एतराज, ट्वीट कर कही ये बात
पंजाब कांग्रेस में चल रही सियासी उठापटक के बीच पार्टी नवजोत सिंह सिद्धू को पूरी तरह साध कर चलेगी। कैप्टन अमरिंदर सिंह को पद से हटाने से लेकर चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाने तक सिद्धू की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब कांग्रेस में अब भी सब कुछ ठीक नहीं है। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भले ही पंजाब कांग्रेस को एकजुट करने की बात कहें, लेकिन एक धड़ा अभी भी असंतुष्ट है। ताजा विवाद चरणजीत सिंह चन्नी के सीएम बनने के बाद पार्टी प्रभारी हरीश रावत के बयान से उपजा है जिसमें उन्होंने कहा था कि 2022 के चुनाव में चेहरा नवजोत सिंह सिद्धू होंगे। इस पर मचे घमासान के बाद पार्टी आलाकमान ने सफाई दी कि मुख्यमंत्री चन्नी और प्रदेश प्रधान दोनों मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सुबह आंख खुलने के साथ ही ट्वीट जड़ दिया कि रावत का यह बयान हैरान करने वाला है। उन्होंने पंजाब में अगला चुनाव नवजोत सिद्धू के नेतृत्व में लडे़ जाने पर सवाल खड़े कर दिए। जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में चरणजीत चन्नी के शपथ ग्रहण के दिन ही रावत का यह बयान चौंकाने वाला है। यह मुख्यमंत्री के अधिकार को कमजोर करने वाला बयान है। उनके चयन को नकारता है। इसी बीच सुनील जाखड़ के भतीजे अजयवीर जाखड़ ने पंजाब किसान आयोग के पद से इस्तीफा दे दिया है।
उधर, जाखड़ के बयान पर कांग्रेस नेता हरमिंदर सिंह गिल ने कहा कि उन्होंने जो बयान दिया है उस पर सिर्फ वही टिप्पणी कर सकते हैं। चरणजीत चन्नी को सीएम बनाने का फैसला पार्टी आलाकमान का है न कि हरीश रावत का।
भाजपा नेता अमित मालवीय ने भी उठाए सवाल
वहीं, भाजपा आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने ट्वीट किया कि केवल नवजोत सिद्धू को कुर्सी दिलाने के लिए यदि चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया है तो यह पूरे दलित समुदाय का बहुत बड़ा अपमान है। यह पूरी तरह से कांग्रेस द्वारा दलित सशक्तीकरण की बात को कमजोर करता है। शर्म की बात है।
कांग्रेस की सफाई
विवाद बढ़ता देख आलाकमान को इस जंग में कूदना पड़ा। जिसके बाद राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बायान जारी किया कि उन्होंने हरीश रावत से बात की है, रावत ने उन्हें बताया कि मीडिया उनके बयान को ठीक ढंग से नहीं समझ पाया। इसलिए मैं इस बात को दोहराता हूं कि हमारे सीएम चरणजीत सिंह चन्नी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू हैं। दोनों नेता सब नेताओं के साथ मिलकर पंजाब का चुनाव लड़ेगे। यही वास्तविकता और सत्य है।