गुरुग्राम की तर्ज पर विकसित होगा पंचकूला, आयुष एम्स, मेडिसिटी व एजुसिटी का मिलेगा तोहफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरुग्राम की तर्ज पर हार्ट सिटी पंचकूला का विकास होगा। यहां के लोगों को बहुत जल्द आयुष एम्स, मेडिसिटी और एजुसिटी का तोहफा मिलेगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की। वह गुरुवार को सेक्टर-1 में 35.48 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह का लोकार्पण और सेक्टर-19 में 30.54 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) की आधारशिला रखने पहुंच थे।
दोनों परियोजनाओं की सौगात देने के बाद उन्होंने शहरवासियों को संबोधित भी किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोक निर्माण विभाग मंत्री राव नरवीर सिंह ने की। मुख्यमंत्री ने कहा है कि पंचकूला भले ही प्रदेश की राजधानी न हो बल्कि अधिकांश विभागों के यहां मुख्यालय होने के कारण इसका अधिक महत्त्व है। इसके विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। पिछले चार सालों में यहां करीब 2 हजार करोड़ के विकास कार्य घोषित किए हैं, जिन पर काम जारी है।
पंचकूला में कुछ अधिक ही हो गया विकास
सीएम ने कहा कि पिछले चार वर्षों में 90 की 90 विधानसभाओं में समान रुप से विकास कराना उनका लक्ष्य रहा है। लेकिन पंचकूला में कुछ अधिक विकास हो गया है। यह स्वाभाविक भी है, क्योंकि अधिकांश विभागों के मुख्यालय यहीं हैं। हरियाणा लोकायुक्त कार्यालय के लिए भी एचएसवीपी को जमीन उपलब्ध कराने को कहा गया है। यह कार्यालय अभी चंडीगढ़ में किराए के भवन में है।
31 जनवरी को शुभ मान किया उद्घाटन
मंत्री राव नरबीर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 31 जनवरी को शुभ मानकर इस दिन उद्घाटन की बात स्वीकार की। आज का दिन ही पंचकूला के लिए ऐतिहासिक है। क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री बंसी लाल के समय से ही अधिकांश विभागों के कार्यालय चंडीगढ़ से यहां शिफ्ट होने लगे थे, लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग इसमें पीछे रह गया था।
शहर में रिकॉर्ड तोड़ हुआ विकास
विधायक एवं मुख्य सचेतक ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि पिछले चार सालों में पंचकूला में रिकॉर्ड विकास कराने के लिए वह मुख्यमंत्री के आभारी हैं। सेक्टर 19 के आरओबी को विधानसभा में तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने नामुमकिन कहकर रद्द कर दिया था। लेकिन भाजपा सरकार ने इसे गंभीरता से लिया। क्योंकि पंचकूला का सेक्टर-19 सिटी से कटा सा रहता था।
विधायक ने सीएम से मांगी सौगात
विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने समारोह के दौरान मुख्यमंत्री से राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेक्टर-12-ए तथा 20 व 21 में भी अंडरपास के मामले को सिरे चढ़ाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने राजीव कालोनी, इंदिरा कालोनी, खड़ग मंगोली के लोगों मकान उपलब्ध कराने के लिये प्रोजेक्ट की आधारशिला लोकसभा चुनाव से पहले रखने का अनुरोध भी किया।
इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त सचिव आलोक निगम, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, उपायुक्त मुकुल कुमार, पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त जगदीप ढांडा, एसडीएम पंचकूला पंकज सेतिया, कालका रिचा राठी, तकनीकि सलाहकार विशाल सेठ, जिला प्रधान दीपक शर्मा, महामंत्री हरेंद्र मलिक, वीरेंद्र गर्ग, नवीन गर्ग, युवा प्रधान योगेंद्र शर्मा व जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।