चस्का ए यारा नूं...: चंडीगढ़ में हनी सिंह के गीतों पर झूमते रहे लोग... जेब काटते रहे चोर; 200 मोबाइल चोरी
हनी सिंह के लाइव शो के दाैरान चोर भी खूब सक्रिय रहे। शो में 200 से अधिक मोबाइल चोरी होने की सूचना है। कार्यक्रम खत्म होने के बाद आसपास के क्षेत्रों में जाम लगा, जिसे पुलिस ने तुरंत क्लियर करवा दिया। हालांकि पार्किंग की दिक्कत रही।
विस्तार
चंडीगढ़ सेक्टर-25 स्थित रैली ग्राउंड में 15 साल बाद हनी सिंह ने लाइव शो किया। हनी सिंह ने रविवार रात आठ बजे जैसे ही स्टेज पर एंट्री ली, प्रशंसकों ने सीटी और तालियों से उनका पुरजोर स्वागत किया।
हनी सिंह के चस्का ए यारा नूं... गीत पर युवा झूमने लगे। जश्न में इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी की गई। हनी सिंह ने भगत सिंह को याद करते हुए गाना गाया। दो घंटे चले कार्यक्रम में उन्होंने एक से बढ़कर एक गीत पेश किए।
पुलिस ने हनी सिंह के कार्यक्रम को लेकर सेक्टर 25/38 लाइट पाॅइंट और दूसरी तरफ पीयू के पास चित्रकारा यूनिविर्सिटी के पास मोड़ पर बैरिकेडिंग कर दी थी। यहां से लोग पैदल रैली ग्राउंड तक पहुंचे। हालांकि जिन लोगों के पास कार पार्किंग थी उन्हें क्रिमिनेशन ग्राउंड में पार्किंग तक कार लेकर आने दिया गया। एसएसपी कंवरदीप कौर के नेतृत्व में एसपी सिटी गीतांजलि खंडेवाल समेत कई डीएसपी, एसएचओ और कई इंस्पेक्टरों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
शो में घुसी मोबाइल चोर गैंग, एक गिरफ्तार
हनी सिंह के लाइव शो में गाजियाबाद की एक गैंग घुस गई, जिसमें से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 7 आईफोन और एक स्मार्ट मोबाइल बरामद हुआ जबकि उसकी गैंग के अन्य लोगों की पुलिस तलाश कर रही है।
आरोपी की पहचान रिहान के रूप में हुई है जो पहले दिल्ली की जेल में भी रह चुका है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह चोरी करने के मकसद से चंडीगढ़ आया था। उसने चोरी करने के लिए शो की टिकट खरीदी। जब पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसके हाथ पर बैंड लगा हुआ था। वहीं, पुलिस के पास लगभग 40 से 50 शिकायतें चोरी की आ चुकी हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो 200 से अधिक मोबाइल चोरी होने की संभावना है।