चंडीगढ़: 69 केंद्रों पर 4757 लोगों को लगा टीका, एक जून को मिलेंगी वैक्सीन की 36,000 खुराकें
वैक्सीन की कमी की वजह से चंडीगढ़ में युवाओं को स्लॉट नहीं मिल पा रहे हैं। एक जून की नई खेप आने के बाद टीकाकरण में तेजी आएगी। बता दें कि 45 साल से ऊपर के लोगों के लिए चंडीगढ़ प्रशासन के पास पर्याप्त टीका हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टीकाकरण अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को चंडीगढ़ के 69 केंद्रों पर 4757 लाभार्थियों ने टीका लगवाया। 18 साल से ज्यादा उम्र के 3719 लाभार्थियों ने टीके की पहली खुराक लगवाई। 59 स्वास्थ्य कर्मियों को पहली व आठ को दूसरी डोज लगाई गई। वहीं अग्रिम पंक्ति के 56 कर्मचारी को पहली व 15 को दूसरी खुराक लगाई गई। वहीं 45 से 60 साल के बीच के 672 लाभार्थियों को पहली व 12 लाभार्थियों को दूसरी खुराक लगाई गई। जबकि 60 साल से ऊपर के 194 लाभार्थियों ने पहली व 22 ने दूसरी खुराक लगवाई।
एक जून को मिलेगी वैक्सीन की 36,000 खुराक
चंडीगढ़ में 18 से 45 साल के लोगों के लिए कोरोना वैक्सीन की कमी है, जिसकी वजह से युवाओं को टीका लगवाने के लिए स्लॉट नहीं मिल पा रहे हैं। प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार यह संकट जल्द ही दूर होने वाला है। चंडीगढ़ को एक जून के आसपास वैक्सीन की 36 हजार खुराक मिलने जा रही है।
वैक्सीन मिलने पर 18 वर्ष के ऊपर लोगों के लिए चलाए जा रहे अभियान को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रशासन को जल्द ही 36 हजार वैक्सीन मिलने की उम्मीद है। केंद्र सरकार की तरफ से प्रशासन को जानकारी भेज दी गई है। इस वैक्सीन का इस्तेमाल 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को टीका लगाने के लिए किया जाएगा।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि वह लगातार केंद्र से संपर्क में है, ताकि शहर के लिए वैक्सीन की ज्यादा से ज्यादा खुराक उपलब्ध करवाई जा सके, ताकि वैक्सीन को लेकर अपने अभियान में उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। फिलहाल, 45 वर्ष से ऊपर की आयु के लोगों के लिए यूटी प्रशासन के पास काफी खुराक उपलब्ध है।
इस वर्ग में प्रशासन के पास एक से डेढ़ महीने तक का स्टॉक है लेकिन युवाओं के लिए ही वैक्सीन कम पड़ रही है। युवा वैक्सीन लगवाने के लिए उत्साहित हैं। यही कारण है कि टीका लगवाने के लिए पंजीकरण के स्लॉट चंद मिनटों में फुल हो जा रहे हैं। उधर, 45 वर्ष से ऊपर के लोगों के लिए प्रशासन को आगे कब वैक्सीन मिलेगी, इस संबंध में केंद्र की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है।
प्रशासन ने बनाए चार नए माइक्रो कंटेनमेंट जोन
शहर में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए यूटी प्रशासन ने शुक्रवार को चार नए माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने की घोषणा की। सेक्टर-22, 23, 48 और 51 में माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। डीसी मनदीप सिंह बराड़ की तरफ से जारी आदेश के अनुसार इन इलाकों में अनिवार्य सेवाओं में लगे लोगों को छोड़ अन्य किसी के भी जाने पर पाबंदी रहेगी। इसके अलावा लोगों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी।