चंडीगढ़: अंबाला रेंज की आईजी भारती अरोड़ा का वीआरएस मंजूर, श्री कृष्ण भक्ति में गुजारेंगी जीवन
भारती ने एक माह में दूसरी बार वीआरएस के लिए आवेदन किया था। गृह मंत्री अनिल विज ने अपनी टिप्पणी के साथ फाइल सीएम को भेजी थी। इससे पहले जुलाई में भी भारती ने वीआरएस के आवेदन में कहा था कि बाकी का जीवन वह कृष्ण भक्ति में गुजारना चाहती हैं। इसलिए उन्हें स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति प्रदान की जाए।
विस्तार
अंबाला रेंज की आईजी आईपीएस भारती अरोड़ा के स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) के आवेदन पर हरियाणा सरकार ने मंजूरी दे दी है। फाइल पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार को हस्ताक्षर कर दिए। भारती एक दिसंबर 2021 को दोपहर बाद सेवानिवृत्त होंगी और अपना शेष जीवन श्रीकृष्ण भक्ति में गुजारेंगी। उनके पति आईपीएस पति विकास अरोड़ा फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त हैं।
भारती ने एक माह में दूसरी बार वीआरएस के लिए आवेदन किया था। गृह मंत्री अनिल विज ने अपनी टिप्पणी के साथ फाइल सीएम को भेजी थी। इससे पहले जुलाई में भी भारती ने वीआरएस के आवेदन में कहा था कि बाकी का जीवन वह कृष्ण भक्ति में गुजारना चाहती हैं। इसलिए उन्हें स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति प्रदान की जाए। गृह मंत्री विज ने फाइल में लिखा था कि वह एक काबिल और ईमानदार पुलिस अधिकारी हैं और उन्हें समय से पहले सेवानिवृत्ति लेने के निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।
आईजी भारती अरोड़ा के करियर में ये रहे हैं प्रमुख बिंदु
- करीब छह माह पूर्व भारती को अंबाला आईजी के पद पर तैनात किया गया था, इससे पूर्व वह करनाल रेंज की आईजी थी।
- गृह मंत्री अनिल विज को 2009 में सड़क अवरुद्ध करने के मामले में अपने 6 सहयोगियों के साथ एक दिन के लिए जेल जाना पड़ा था। उस समय अंबाला की एसपी भारती अरोड़ा ही थीं।
- वर्ष 2016 में गोतस्करी पर नकेल कसने और 2020 में कबूतरबाजी के मामलों के लिए गठित एसआईटी का प्रमुख बनाया गया।
- वर्ष 2015 में गुरुग्राम की संयुक्त पुलिस आयुक्त भारती अरोड़ा का तत्कालीन पुलिस आयुक्त नवदीप विर्क के साथ विवाद भी हुआ था।