विशेषज्ञों ने चेताया- चंडीगढ़ में कोरोना शिखर की ओर, अधिक सावधानी की जरूरत, इस माह बढ़ेंगे केस
- विशेषज्ञों के मुताबिक, इस माह बढ़ेंगे केस, चंडीगढ़ प्रशासन ने भी टेस्ट की संख्या बढ़ाई
- साइंस मॉडल के मुताबिक, अक्तूबर के दूसरे व तीसरे हफ्ते में कोरोना के केस चरम पर रहेंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पिछले 24 घंटे के भीतर चंडीगढ़ में कोरोना के केसों में अब तक की सबसे बड़ी उछाल देखने को मिली है। मंगलवार को कोरोना के 377 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। इसके साथ ही चंडीगढ़ में संक्रमितों की कुल संख्या 6372 पर पहुंच गई है। शहर में टेस्ट की संख्या भी बढ़ा दी गई है। 24 घंटे में कोरोना के कुल 991 सैंपल लिए गए हैं, जबकि एक दिन पहले 791 सैंपल लेकर जांच की गई थी। ऐसे में मरीजों की संख्या बढ़ना तय है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सितंबर में कोरोना की जो प्रवृत्ति दिख रही है, उसके मुताबिक कोरोना का ग्राफ अब तेजी से बढ़ेगा। शिखर कब आएगा, इसका तो अनुमान नहीं लगाया जा सकता है लेकिन अगले एक महीने के ट्रेंड को बताया जा सकता है। इतना तय है कि सितंबर में केस बढ़ेंगे। नीचे आने की गुंजाइश नहीं है। अब लोगों को पहले से ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। इससे बचने के लिए जो प्रोटोकॉल बनाए गए हैं, उसका सख्ती से पालना करना होगा।
मॉडल क्या कह रहे हैं
कोरोना की प्रवृत्ति जानने के लिए देशभर के कई वैज्ञानिकों अलग-अलग मॉडल का इस्तेमाल करते हैं। बंगलूरू स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान के डिपार्टमेंट आफ कंप्यूटेशनल एंड डाटा साइंस ने भी एक मॉडल बनाया है, जो देश के सभी प्रदेश व यूटी के कोरोना केस का अनुमान बताते हैं। इस मॉडल के मुताबिक आज जो स्थिति है, उसके मुताबिक चंडीगढ़ पीक की ओर बढ़ रहा है।
अक्तूबर के दूसरे व तीसरे हफ्ते में कोरोना के केस चरम पर हो सकते हैं। हालांकि पीजीआई के स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट के पूर्व एचओडी प्रोफेसर राजेश कुमार का कहना है कि एक महीने का तो अनुमान बताया जा सकता है लेकिन यदि बात अक्तूबर की जाए तो उसका अनुमान अक्तूबर के पहले हफ्ते में पता चलेगा। कोरोना को रोकने के लिए आज जो कोशिश की जाएगी, उसका असर अगले महीने दिखेगा।
लोगों को ये उठाने होंगे कदम
- जब तक जरूरी न हो, तब तक पब्लिक प्लेस पर न जाएं
- जब बाहर निकलें तो मास्क लगाकर जाएं
- ऑफिस की कैंटीन में एक साथ खाना न खाएं
- घर के बाहर किसी से भी बात करते वक्त दो मीटर की दूरी बनाएं
- किसी के घर जाएं तो मास्क न उतारें
सितंबर का लेखा-जोखा
- तारीख टेस्ट केस
- एक सितंबर 891 204
- दो सितंबर 866 239
- तीन सितंबर 873 276
- चार सितंबर 565 203
- पांच सितंबर 797 234
- छह सितंबर 919 261
- सात सितंबर 791 232
- आठ सितंबर 991 377
सितंबर में केस बढ़ेंगे। ऐसे में अब लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। लापरवाही करेंगे तो खुद के साथ दूसरों को भी खतरे में डालेंगे। -प्रो. राजेश कुमार, पूर्व विभागाध्यक्ष स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ पीजीआई
चंडीगढ़ में कोरोना अब तेजी से फैल रहा है। अब टेस्ट की संख्या भी काफी बढ़ गई है। ऐसे में कोरोना के नंबर अब बढ़ेंगे। लोगों से अपील है कि मास्क लगाएं और हाथ धोते रहें। -प्रो. जगतराम, डायरेक्टर, पीजीआई