सिप्पी हत्याकांड: CBI का बड़ा आरोप- चंडीगढ़ पुलिस ने सबूतों को मिटाने की कोशिश की, कार्रवाई की भी सिफारिश की थी
सिप्पी हत्याकांड में उनके भाई वकील जसमनप्रीत उर्फ जिप्पी सिद्धू शिकायतकर्ता हैं। उन्होंने बताया कि वह पहले दिन से ही बोल रहे हैं कि कल्याणी सिंह ने सिप्पी की हत्या की है। अगर पुलिस गंभीरता से केस की जांच करती तो पहले ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाता लेकिन उन्होंने ठीक से काम नहीं किया।
विस्तार
सिप्पी हत्याकांड में जांच के बाद सीबीआई ने चंडीगढ़ पुलिस के कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। अदालत में दाखिल स्टेटस रिपोर्ट में सीबीआई ने यहां तक लिखा कि चंडीगढ़ पुलिस ने शुरुआती सबूतों को मिटाने की कोशिश की, जिसकी वजह से यह केस ‘हैंडीकैप’ हो गया। सीबीआई ने अपनी रिपोर्ट में सेक्टर-26 की तत्कालीन एसएचओ पूनम दिलावरी और एएसपी ईस्ट का नाम लिखकर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी।
सीबीआई ने दिसंबर 2020 में अदालत में यह रिपोर्ट दाखिल की थी। इसमें सीबीआई ने लिखा कि सेक्टर-26 पुलिस थाना की तत्कालीन एसएचओ पूनम दिलावरी और एएसपी ईस्ट की तरफ से मामले में ढिलाई बरती गई। उन्होंने साक्ष्य का नष्ट करने की कोशिश की। सीबीआई ने दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई (आरडीए) की भी सिफारिश भी की। सीबीआई ने यहां तक लिखा कि पुलिस की तरफ से बरती गई लापरवाही की वजह के केस गंभीर रूप से हैंडीकैप हो गया।
सीबीआई ने केस को अपने हाथ में लेने के बाद 26 अप्रैल 2016 को पूनम दिलावरी को तलब किया था। सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि उनकी तरफ से भी डीजीपी को पत्र लिखकर जांच में लापरवाही बरतने की वजह से विभागीय कार्रवाई करने करने का सुझाव दिया गया था। सिप्पी के भाई वकील जिप्पी सिद्धू ने आरोप लगाया कि चंडीगढ़ पुलिस लगभग आठ महीने तक इस केस की जांच करती रही मगर कोई कार्रवाई नहीं कर पाई। बता दें कि वर्तमान में पूनम दिलावरी सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन के ट्रेनिंग सेंटर में कार्यरत हैं।
सिप्पी के भाई का आरोप: चंडीगढ़ पुलिस ने नहीं किया अपना काम
सिप्पी हत्याकांड में उनके भाई वकील जसमनप्रीत उर्फ जिप्पी सिद्धू शिकायतकर्ता हैं। उन्होंने बताया कि वह पहले दिन से ही बोल रहे हैं कि कल्याणी सिंह ने सिप्पी की हत्या की है। अगर पुलिस गंभीरता से केस की जांच करती तो पहले ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाता लेकिन उन्होंने ठीक से काम नहीं किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याणी की मां और पिता भी हत्या में शामिल हैं। वह कल्याणी के परिवार को बचपन से जानते थे। कल्याणी सिप्पी के साथ शादी करना चाहती थी। शादी के लिए मना किया तो उसने सिप्पी की हत्या कर दी। जिप्पी ने कहा कि सिप्पी को गोलियां कल्याणी और एक अन्य व्यक्ति ने मारी हैं। इस हत्या में दो से तीन लोग शामिल हैं।
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया से करेंगे कल्याणी की मां की शिकायत: जिप्पी
जिप्पी सिद्धू ने बताया कि उनके दादा भी जज थे। पिता एसएस सिद्धू एडिशनल एडवोकेट जनरल पंजाब रहे हैं। जिप्पी ने कहा वह कल्याणी की मां के खिलाफ चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया और कानून मंत्रालय को शिकायत देंगे। आरोप लगाया कि कल्याणी की मां ने बेटी को जानबूझकर पनाह दी।