Jind News: अब हरियाणा में पलटी अपहरणकर्ताओं की कार, पुलिस कर रही थी पीछा, सभी अस्पताल में भर्ती
सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी नफे सिंह ने बताया कि अपह्रत युवक के भाई सोनू की शिकायत पर गांव जसौरखेड़ी निवासी सुखबीर, नरेश, महिला का भाई गुरदीप और तीन-चार अन्य के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रात को अपहरणकर्ताओं की गाड़ी का पीछा कर रही थी। उसी दौरान गाड़ी पलट गई।
विस्तार
हरियाणा के जींद में सफीदों रोड से युवक का अपहरण कर ले जा रहे अपहरणकर्ताओं की गाड़ी जुलाना बाईपास पर पलट गई। घटना के दौरान पुलिस अपहरण करने वालों का पीछा कर रही थी। गाड़ी के पलटने से अपहृत युवक और अपहरण करने वालों को चोटें आई, जिन्हें सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव घिमाना निवासी विरेंद्र गांव जसौरखेड़ी निवासी महिला के साथ लिव इन रिलेशन में अपने घर पर रह रहा था। दोनों की पहले इस्टाग्राम पर दोस्ती हुई जो प्यार में बदल गई। एक महीना पहले लिव इन रिलेशन का सर्टिफिकेट बनवा गांव घिमाना में साथ रहने लगे। इसी बीच महिला के ससुराल वालों, मायका पक्ष और प्रेमी पक्ष के बीच बातचीत हुई और असौदा थाने में समझौता हो गया। इस पर महिला वापस अपनी ससुराल चली गई।
चार सितंबर को महिला फिर से अपने प्रेमी विरेंद्र के पास आ गई। इस पर महिला के सुसराल पक्ष और मायका पक्ष के लोग भी गांव घिमाना पहुंचे। अनहोनी घटना की आशंका की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और महिला को सामान्य अस्पताल के वन स्टॉप सेंटर में ले आई। मंगलवार को गांव घिमाना के लोग, वीरेंद्र के परिजन, महिला के ससुराल वाले, मायका पक्ष के लोग सामान्य अस्पताल पहुंचे और समझाने की कोशिश की लेकिन दोनों साथ रहने पर अड़े रहे। आखिरकार दोनों पक्षों के लोग अपने घर वापस लौट गए।
देर शाम को युवक का हुआ अपहरण
मंगलवार देर शाम को गांव घिमाना निवासी विरेंद्र सफीदों रोड जेडी-7 चौराहे पर खड़ा था। इत्तफाकिया महिला के मायका पक्ष और ससुराल पक्ष के लोग गाड़ी लेकर वहां पहुंचे, जिन्हें देखकर वीरेंद्र दुकान में घुस गया। आरोपियों ने वीरेंद्र को जबरन उठाकर अपनी गाड़ी में डाल लिया। इसी बीच दुकानदार ने अपहरण की सूचना पुलिस को दे दी।
वहीं वीरेंद्र ने भी अपने भाई सोनू को फोन कर महिला के परिजनों द्वारा अपहरण की बात कही। हरकत में आई पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर पीछा करना शुरू कर दिया। गाड़ी जब जुलाना बाईपास से गुजर रही थी उसी दौरान कट मारने के फेर में चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पलट गई। वीरेंद्र समेत उसमें सवार सात अपहरणकर्ता घायल हो गए। सभी को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी नफे सिंह ने बताया कि अपह्रत युवक के भाई सोनू की शिकायत पर गांव जसौरखेड़ी निवासी सुखबीर, नरेश, महिला का भाई गुरदीप और तीन-चार अन्य के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रात को अपहरणकर्ताओं की गाड़ी का पीछा कर रही थी। उसी दौरान गाड़ी पलट गई।