कैप्टन ने शहीदों को दी आखिरी सलामी, बोले- गलवां घाटी खाली कराने के लिए चीन को अल्टीमेटम दें
- चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे तीन और शहीदों के शव
- पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चीन के साथ हिंसा में शहीद हुए पंजाब के दो और हिमाचल के एक जवान का शव शुक्रवार को चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन पहुंचा। इन शहीदों में मानसा के गुरतेज सिंह, संगरूर के गुरविंदर सिंह और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के रहने वाले अंकुश का पार्थिव शरीर शामिल था। इन सभी के पार्थिव शरीर को चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन से चॉपर के माध्यम से गृह जिलों तक पहुंचाया गया।
इससे पहले इन पार्थिव शरीर को सेना ने एक विशेष विमान के जरिए लेह से चंडीगढ़ पहुंचाया गया। एयरफोर्स स्टेशन पर जैसे ही शहीदों के ताबूतों को विमान से बाहर लाया गया तो माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि देने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह मुख्य रूप से पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें- शहीद के ताबूत से लिपट मां बोली--‘खड़ा हो जा पुत्त ‘मोहनी’ कित्थे चला गया तूं, रब्बा मैनूं चक लेंदा’
कैप्टन ने इन शूरवीरों को आखिरी सलामी दी और उनकी शहादत को याद किया। वेस्टर्न कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल गुरपाल सिंह सांघा ने वेस्टर्न आर्मी कमांडर की ओर से शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। चंडी मंदिर के स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर टीएस मुंडी और मार्टीयर्स यूनिट के प्रतिनिधि मेजर प्रशांत बहादुर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उधर, वहां मौजूद एयरफोर्स के भी आला अफसरों ने इन शहीदों को याद कर उन्हें नमन किया।
गलवां घाटी खाली कराने के लिए चीन को अल्टीमेटम दें : कैप्टन
चीन को गलवां घाटी के कब्जे वाले क्षेत्र से वापस भेजने के लिए जोरदार कदम उठाने की वकालत करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भारत सरकार से अपील की कि वह चीन को कब्जे वाली जमीन तुरंत खाली करवाने के लिए अल्टीमेटम जारी करे। इसमें स्पष्ट चेतावनी दी जाए कि ऐसा न करने की सूरत में उनके लिए गंभीर नतीजे निकलेंगे।
चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत के दौरान कैप्टन अमरिंदर ने कहा कि हालांकि ऐसी कार्रवाई से भारत को कुछ नतीजे भुगतने पड़ेंगे लेकिन क्षेत्रीय अखंडता पर ऐसी घुसपैठ और हमले जारी रखने को और सहन नहीं किया जा सकता। कैप्टन ने कहा कि पिछले तजुर्बे से पता लगता है कि जब भी आक्रमकता का सामना हुआ, चीन हमेशा पीछे हट गए।
गोली न चलाने का समझौता किसने किया
कथित समझौते, जिसने भारतीय फौज को गोली चलाने से रोका (चाहे उनके पास हथियार थे) पर सवाल उठाते हुए कैप्टन ने यह जानने की मांग की कि ऐसा समझौता कौन लेकर आया? उन्होंने कहा कि एक पड़ोसी दुश्मन के साथ ऐसा समझौता कैसे हो सकता है। किसी भी स्थिति में यह स्पष्ट है कि भारतीय सैनिकों पर हमला चीन की तरफ से पहले ही किया गया था, जो बेढंगे लेकिन खतरनाक हथियारों से तैयार होकर आए थे।
कमांडिंग अफसर के घिरने पर गोली क्यों नहीं चलाई
गलवां घाटी में भारतीय जवानों के कमांडिंग अफसर के घेरे में आ जाने पर हथियार होने के बावजूद जवान गोली चलाने में असफल क्यों रहे, यह जानने की मांग करते हुए कैप्टन ने कहा कि चीनियों के हाथों कर्नल की शहादत समूची भारतीय फौज के लिए अपमानजनक है। वह यह विश्वास नहीं कर सकते कि ऐसा दर्दनाक दृश्य देखने के बावजूद वास्तविक नियंत्रण रेखा पर जवान गोली चलाने में असफल रहे। यह घटित होते समय जवान तैनात क्यों नहीं थे? और यदि थे तो अफसरों और जवानों के हमले की मार के नीचे आने पर उनको बचाने के लिए हथियारों का प्रयोग क्यों नहीं किया गया।’
कैप्टन का सुखबीर को जवाब- पूर्व फौजी होने के नाते राय रखने का हक है
शिअद प्रधान सुखबीर बादल की तरफ से ट्वीट द्वारा गलवां घाटी के मुद्दे पर उन पर राजनीति खेलने के लगाए आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए कैप्टन ने कहा कि एक पूर्व फौजी होने के नाते उनको मसले संबंधी अपनी राय रखने का पूरा अधिकार है। 20 जवानों के शहीद हो जाने पर कोई फौजी यहां तक कि कोई भारतीय भी प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकता।