Punjab: पंजाब में नशे का खात्मा करेगी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, CM मान ने किया उद्घाटन, व्हाट्सअप नंबर जारी
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में 322 पुलिसकर्मी तैनात होंगे। इनका नेतृत्व एक एडीजीपी रैंक का अधिकारी करेगा। यह फोर्स ड्रग्स के हॉट स्पॉट का पता लगाने और नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने का काम करेगी।
विस्तार
पंजाब में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को अपग्रेड कर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) का गठन किया गया है। इसकी विधिवत शुरुआत मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को की। एसएएस नगर के सेक्टर-79 में पुलिस स्टेशन सोहाना की इमारत की दूसरी मंजिल पर एएनटीएफ फोर्स का स्पेशल सेल तैयार किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रदेशभर में नशा तस्करों पर नजर रखेगी। सीएम मान ने इस अवसर पर कहा कि पंजाब में नशे के खिलाफ सरकार की सबसे बड़ी जंग है। नशे को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार हर प्रयास कर रही है। बड़े स्तर पर नशा तस्करों को दबोचा जा रहा है, यहां तक की उनकी संपत्तियां तक जब्त की जा रही है। अब तक सरकार ड्रग्स तस्करी के जरिए बनाई गई 400 करोड़ की संपत्तियों को जब्त कर चुकी है।
सीएम मान ने इस अवसर पर प्रदेश में नशा तस्करों और उनके नेटवर्क या ड्रग्स की समस्या से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए एक चैटबोट व्हाट्सअप नंबर-9779100200 जारी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में कोई भी व्यक्ति इस चैटबोट नंबर पर न केवल ड्रग्स से संबंधित कोई सूचना दे सकता है, बल्कि अपने क्षेत्र की समस्या के बारे में भी अवगत करा सकता है। यहां तक की किसी के घर में नशा का सेवन करने से जुड़ी समस्या है तो उसकी काउंसलिंग के लिए भी इस नंबर के जरिए मदद उपलब्ध होगी। मेसेज का जवाब भी मिलेगा। साथ ही कार्रवाई होने की सूचना भी दी जाएगी। इसके लिए 90 लाख रुपये खर्च कर टास्क फोर्स इंटेलिजेंस एवं टेक्निकल यूनिट (एसआईटीयू) स्थापित की गई है। यह एसआईटीयू नई तकनीकों का प्रयोग कर नशा तस्करों पर शिकंजा कसेंगे।
ਸਾਡਾ ਇੱਕੋ ਖ਼ੁਆਬ, ਨਸ਼ਾ ਮੁਕਤ ਹੋਵੇ ਪੰਜਾਬ... ਐਂਟੀ-ਨਾਰਕੌਟਿਕਸ ਟਾਸਕ ਫੋਰਸ (ANTF) ਦੀ ਨਵੀਂ ਇਮਾਰਤ ਦਾ ਉਦਘਾਟਨ ਅਤੇ ਵਟਸਐਪ ਨੰਬਰ ਜਾਰੀ ਕਰ ਰਹੇ ਹਾਂ, ਮੋਹਾਲੀ ਤੋਂ Live... https://t.co/vRWNa8yKZz
विज्ञापन विज्ञापन
— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) August 28, 2024
861 अफसर किए जाएंगे भर्ती
पंजाब की अलग-अलग फोर्स से एसटीएफ में 400 जवानों को जोड़ा गया है। अब एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की अपनी फोर्स होगी। फोर्स में 861 अफसरों को भर्ती किया जाएगा, जोकि प्रदेश में नशा तस्करों, उनके नेटवर्क और ड्रग्स तस्करी से कमाए गए पैसों से बनाई संपत्तियों को जब्त करने का काम करेगी। एएनटीएफ की मजबूती के लिए 12 करोड़ रुपये का फंड जारी किया गया है। एएनटीएफ का नेतृत्व स्पेशल डीजीपी कुलदीप सिंह करेंगे।
40 करोड़ से बॉर्डर एरिया में चल रहा प्रोजेक्ट
सरकार की ओर से सीमावर्ती 6 जिलों में 40 करोड़ रुपये की लागत से कैमरे लगाने का प्रोजेक्ट शुरू किया है। बता दें राज्य की 553 किलोमीटर सीमा पाकिस्तान से लगती है। वहीं, अब ड्रोन के जरिए हथियार और नशा पाकिस्तान से आ रहा है। इस दौरान लगाए जाने वाले कैमरों का फोकस सीमा से लगते 500 किलोमीटर के एरिया पर रहेगा। इस दौरान 20 करोड़ की लागत से रणनीतिक पॉइंट्स पर कैमरे लगाए जा रहे हैं।