Chandigarh: पुलिस की हिरासत में नहीं है अमृतपाल... हाईकोर्ट में बोली पंजाब सरकार-याची के पास सबूत है तो दे
याचिकाकर्ता वकील इमान सिंह खारा ने बताया कि महाधिवक्ता ने अदालत को कहा है कि अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार नहीं किया गया है और अन्य एजेंसियों के साथ बातचीत चल रही है। न्यायाधीश ने उनसे एक हलफनामे में यही कहने को कहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब सरकार ने मंगलवार को हाईकोर्ट में कहा कि अमृतपाल पंजाब पुलिस की हिरासत में नहीं है। पंजाब पुलिस उसे पकड़ने के काफी करीब है। यह बेहद संवेदनशील मुद्दा है। इसे देखते हुए पंजाब पुलिस अन्य सुरक्षा एजेंसियों से तालमेल कर अमृतपाल की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। वहीं, याचिकाकर्ता ने सरकार की इन दलीलों को नकारते हुए कहा कि अमृतपाल सिंह पुलिस की हिरासत में है। इस पर हाईकोर्ट ने कहा कि आप ऐसा कोई सबूत पेश करें, जो साबित करता हो कि अमृतपाल को सरकार ने अवैध हिरासत में रखा है। कोर्ट ने याची को बुधवार तक की मोहलत देते हुए इस बारे में सबूत व जानकारी देने का आदेश दिया है।
वारिस पंजाब दे संगठन के सदस्य ईमान सिंह खरा ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया था कि अमृतपाल को पंजाब पुलिस ने अवैध हिरासत में रखा है। मंगलवार को पंजाब सरकार के एडवोकेट जनरल विनोद घई ने अदालत को बताया कि पंजाब सरकार पूरा प्रयास कर रही है कि जल्द से जल्द अमृतपाल को हिरासत में लिया जाए। इसके लिए पंजाब सरकार अन्य जांच एजेंसियों के भी संपर्क में है।
पंजाब के साथ ही अन्य स्थानों पर भी उसे ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से आने वाली हर जानकारी को खंगालने के साथ ही अन्य माध्यमों का सभी सहारा लिया जा रहा है। सरकार ने यह भी कहा कि मामला राज्य के साथ ही देश की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है और ऐसे सरकार किसी भी तरह का जोखिम नहीं चाहती है। एजी ने अन्य पक्षों से भी अपील की है कि इस मामले में संयम बरता जाए और जैसे ही अमृतपाल को हिरासत में लिया जएगा इस बारे में सूचित कर दिया जाएगा।
अमृतपाल किस थाने में है, सबूत लाओ, वारंट अफसर लगा देंगे
सुनवाई के दौरान याची पक्ष की ओर से सरकार की दलीलों का विरोध किया गया। याची ने कहा कि सरकार जानबूझ कर उसे छिपाने का प्रयास कर रही है। यह किसी सुनियोजित योजना के तहत किया जा रहा है। इस सब के बीच हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि ऐसा लगता है कि अमृतपाल सरकार की अवैध हिरासत में है तो वह बताए कि किस थाने में है। सबूत लाओ, उसे पेश करने के लिए वारंट अफसर को नियुक्त कर देंगे।
अब दिल्ली में घूमते दिखा
अमृतपाल सिंह व पपलप्रीत सिंह का मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया। ताजा फुटेज में पुलिस से बचने के लिए वह बिना पगड़ी के नजर आ रहा है। यह सीसीटीवी फुटेज 21 मार्च का दिल्ली के एक बाजार का बताया जा रहा है, जिसमें अमृतपाल काला चश्मा, मास्क और डेनिम जैकेट पहने सड़क पर चलते दिख रहा है। उसके पीछे पपलप्रीत सिंह को बैग के साथ चलते देखा जा सकता है। इस फुटेज पर फिलहाल पंजाब पुलिस का कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अमृतपाल 18 मार्च से फरार है।