Haryana News: शाह ने 2024 चुनाव का बजाया बिगुल, मोदी को फिर से पीएम बनाने को मांगीं दसों सीटें
अमित शाह की रैली के लिए भाजपा ने गोहाना में पूरी ताकत झोंक रखी थी। हालांकि, भाजपा की उम्मीद के मुताबिक रैली में भीड़ नहीं जुट पाई। मौसम खराब होने और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते पंडाल में उतने लोग नहीं पहुंच पाए, जितना कि अनुमान था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनीपत जिले के गोहाना में हुई भारतीय जनता पार्टी की जन उत्थान रैली में देश के गृह मंत्री अमित शाह नहीं पहुंच सके। खराब मौसम के चलते उनका गोहाना की नई सब्जी मंडी में आने का कार्यक्रम रद्द हो गया। हालांकि, शाह ने मोबाइल फोन के माध्यम से ही सवा दो मिनट तक रैली को संबोधित किया और हरियाणा में 2024 के लोकसभा चुनावों का बिगुल बजाया।
शाह ने कार्यकर्ताओं को रैली का मकसद बताते हुए कहा कि यह रैली नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए है। इसके लिए इस बार भी हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाएं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए और प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पीठ थपथपाते हुए शाह ने कहा कि हरियाणा में आठ साल में जितना विकास हुआ है, उतना 70 साल में भी नहीं हो सकता।
आज हरियाणा में हर क्षेत्र में विकास हुआ है। प्रदेश में भ्रष्टाचार कम हुआ, कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक हुई और जातिवाद खत्म हुआ है। अब प्रदेश में नौकरियों और ठेकों में भ्रष्टाचार नहीं है। साथ ही पढ़े-लिखे सरपंच हरियाणा को आगे बढ़ा रहे हैं। शाह ने कहा कि वह गोहाना में आना चाहते थे लेकिन खराब मौसम के चलते उनके हेलीकॉप्टर को उड़ने की अनुमति नहीं मिली।
सड़क मार्ग से भी आना चाहते थे लेकिन वहां पर भी बारिश की संभावना के चलते दो घंटे का समय लगता। इस पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उनसे फोन पर ही रैली को संबोधित करने के लिए कहा। शाह ने कार्यकर्ताओं से क्षमा याचना करते हुए कहा कि वह भविष्य में गोहाना जरूर आएंगे और कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे।
उम्मीद के मुताबिक नहीं जुटी भीड़
अमित शाह की रैली के लिए भाजपा ने गोहाना में पूरी ताकत झोंक रखी थी। हालांकि, भाजपा की उम्मीद के मुताबिक रैली में भीड़ नहीं जुट पाई। मौसम खराब होने और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते पंडाल में उतने लोग नहीं पहुंच पाए, जितना कि अनुमान था। इसके अलावा, मौसम के अनुरूप तैयारियां नहीं करने के चलते भी भीड़ कम जुटी। नेताओं के बैठने की जगह पर तो टेंट लगे थे लेकिन आम जनता बारिश में भीगती रही। इसलिए बूंदाबांदी के बीच कुछ लोग निकल गए।
झलकियां
- प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के मोबाइल पर आया अमित शाह का फोन
- अमित शाह की खाली कुर्सी पर गलती से बैठे धनखड़, सीएम ने दूसरी पर बैठाया, शाह की सीट रखी खाली
- सुरक्षा कड़ी रही, पंडाल में जाने वालों को मेटर डिटेक्टर समेत पांच चरण की जांच से गुजरना पड़ा
- काले कपड़े पहने हुए लोगों को नहीं जाने दिया अंदर, टोपी, बीड़ी, सिगरेट और तंबाकू बाहर रखवाई