चंडीगढ़ को मिला खबरों का नया खजाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के प्रमुख अखबार अमर उजाला ने शुक्रवार को चंडीगढ़ के लिए खास न्यूज पोर्टल और मोबाइल वेबसाइट लॉन्च करते हुए उसे एक क्लिक पर खबरों की दुनिया तक पहुंचने का नायाब रास्ता दिया।
इससे पहले अमर उजाला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और उत्तराखंड की अगुवाई करने वाले शहर देहरादून में इसी तरह की हाइपर लोकल वेबसाइट लॉन्च की थी।
दिखा भज्जी, जस्सी का जलवा
शहर के एमसीएम डीएवी वूमेन कॉलेज ने सितारों से सजे इस कार्यक्रम की मेजबानी का जिम्मा संभाला। समारोह में चंडीगढ़ के मेयर हरफूल चंद कल्याण, इंटरनेशनल क्रिकेटर हरभजन सिंह, पंजाबी पॉप सिंगर जसबीर जस्सी और लाभ जांजुआ, फिल्म अभिनेत्री रितुपर्णो सेनगुप्ता ने शिरकत की।
इनके अलावा टीवी और फिल्म एक्टर शाहबाज खान, पंजाबी फिल्मों की मशहूर अदाकारा मनरीत कौर, टीवी सीरियल अभिनेता सत्यजीत शर्मा, फिल्म निर्देशक सुनंद मित्रा और पंजाबी एक्टर हरीश वर्मा मौजूद थे।
समारोह में न केवल www.chandigarh.amarujala.com और मोबाइल साइट m.amarujala.com/chandigarh लॉन्च की गई, बल्कि इस मौके पर ये तमाम दिग्गज अमर उजाला के 'बेटी ही बचाएगी' अभियान का हिस्सा भी बने।
नई साइट ने मनरीत का मन मोहा
नया न्यूज पोर्टल लॉन्च करते हुए हरभजन सिंह और मनरीत कौर ने मुबारकबाद देते हुए कहा कि अमर उजाला की यह कोशिश काबिल-ए-तारीफ है और उम्मीद है कि यह नया ठिकाना चंडीगढ़ की खबरों की सारी जरूरतें पूरा करेगा।
मनरीत ने इस मौके पर कहा, "इसे देखकर अंदाजा होता है कि यह वेबसाइट अपने भीतर सब कुछ समेटे है।" वह इस बात से काफी खुश दिखीं कि चंडीगढ़ और पंजाब-हरियाणा की तमाम खबरें अब एक ही मंच पर मिल जाएंगी।
हरभजन ने पढ़ी अपनी खबर!
इत्तफाक से जब हरभजन नई साइट का लोकार्पण कर रहे थे, तब उस पर पंजाब रणजी टीम की प्रैक्टिस की खबर चल रही थी।
इसे देखते ही हरभजन बोले, "अरे, यह तो मेरी टीम की खबर है। जरा इसे खोलकर दिखाइए, मैं पढ़ना चाहता हूं।" अमर उजाला की चंडीगढ़ वेबसाइट में पल-पल बदलने वाली खबरों और तस्वीरों ने इन सभी सेलिब्रिटी को हैरत में डाल दिया।
कार्यक्रम में शिरकत करने वाले सभी सेलिब्रिटी ने साइट की लॉन्चिंग के अलावा 'बेटी ही बचाएगी' अभियान की भी खूब तारीफ की। इस अभियान के तहत लाखों लोगों को बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाली शपथ दिलवाई जा रही है। अमर उजाला इस अभियान को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह दिलवाने की कोशिश कर रहा है।
लाभ ने लगाई तान
समारोह में लाभ जांजुआ ने खूब समां बांधा। लाभ ने जब ब्लॉकबस्टर गीत 'सोहणी दे नखरे सोहणे लगदे...' और 'जी करदां' की लय छोड़ी, तो कॉलेज सभागार में मौजूद सभी झूमने लगे।
कुछ देर बाद मंच पर पहुंचे पंजाबी फिल्मों की धड़कन हरीश वर्मा और उनके सामने आते ही ऑडियंस गाने और डांस की फरमाइश की जाने लगी। उन्होंने भी प्रशंसकों को नाराज नहीं किया।
ट्राइसिटी का नया खबरनवीस
अमर उजाला की नई वेबसाइट खबरों का अलग मुकाम बनाना चाहती है, ताकि चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली की खबरें पाठकों तक लाइव यानी रियल टाइम पर पहुंच सके। पाठक अब शहर की गतिविधियों की जानकारी के अलावा ढेर सारी तस्वीरें भी इस वेबसाइट पर देख पाएंगे।
इसके अलावा जो पाठक या संस्थाएं अपनी ओर से खबरें या फोटो अखबार या वेबसाइट के लिए भेजना चाहें, उन्हें वेबसाइट पर खबरें और फोटो अपलोड करने की सुविधा भी मिलेगी।
हर रोज नई-नई खबरें बनाने और परोसने वाली ट्राइसिटी को अब अपनी खबर लेने का नया एड्रेस मिल गया है। साड्डे चंडीगढ़ की साड्डी साइट www.chandigarh.amarujala.com।