झींडा ने SGPC पर लगाए 2 सनसनीखेज आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झींडा ने आरोप लगाया है कि अलग कमेटी की कार्यकारिणी के गठन के बाद अब उन्हें पता चला है कि गुरुद्वारा नाडा साहिब की गोलक को एसजीपीसी ने पांच दिन पहले ही खोल लिया है, जबकि नियमानुसार इसे 15 दिन में एक बार खोला जाता है। इसके अलावा बैंकों के खातों को भी खाली किया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है।
चंडीगढ़ में एसजीपीसी आफिस में मिले 40 फीसदी हिस्सा
जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि एचएसजीएमसी की एक अन्य प्रमुख मांग चंडीगढ़ में एसजीपीसी के कार्यालय से जुड़ी है, जिसमें एचएसजीएमसी को 40 प्रतिशत हिस्सा मिलना चाहिए।
सहारनपुर घटना पर गृहमंत्री को लिखेंगे चिट्टी
झींडा ने यह भी कहा कि सहारनपुर की घटना दुखदायी है। यह एक गहरी साजिश का हिस्सा है। जो जांच में ही सामने आ सकता है। वे यूपी के सीएम अखिलेश यादव सहित केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर कमेटी गठित कर इस मामले की जांच की मांग करेंगे।
गुरुद्वारों की सेवा संभालने के लिए राज्यपाल से मिलेंगे झींडा
हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (एचएसजीएमसी) ने भले ही अभी प्रदेश के गुरुद्वारों की सेवा अपने हाथ में नहीं ली है, कमेटी ने हरियाणा के अलावा देश भर के सिखों हितों के लिए आवाज बुलंद करना शुरू कर दिया है।
कैथल में मीटिंग में भाग लेने के सिलसिले में पहुंचे एचएसजीएमसी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने ‘अमर उजाला’ से विशेष बातचीत में कहा कि कमेटी हरियाणा सहित पूरे विश्व के सिखों के हितों के लिए काम करेगी।
उन्होंने कहा कि पाक के गुरुधामों में साल में चार बार जत्थे दर्शन के लिए जाते हैं। बैठक में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से मांग की जाएगी कि पाक जाने वाले इन जत्थों में एचएसजीएमसी के लिए कोटा अलॉट किया जाए।
इसके अलावा हरमंदिर साहिब में जाने वाली हरियाणा की संगत के लिए अलग से सराय आरक्षित की जाए। इस सराय में नौकरी भी हरियाणा के युवाओं को दी जाए।
उन्होंने कहा कि 31 जुलाई की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। झींडा ने बताया कि एचएसजीएमसी शीघ्र ही हरियाणा में गुरुद्वारों की सेवा संभाल के लिए राज्यपाल से भी मिलेगी। इस संबंध में तिथि का फैसला 31 जुलाई की बैठक में होगा।
कैथल में होगा एचएसजीएमसी का कार्यालय
हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (एडहॉक) के अध्यक्ष ने जगदीश सिंह झींडा ने मंगलवार को कहा कि जब तक कुरुक्षेत्र में एचएसजीएमसी का कार्यालय आधिकारिक रूप से शुरू नहीं हो जाता है, तब तक कैथल के गुरुद्वारा नीम साहिब में ही कमेटी का कार्यालय चलाया जाएगा।
उधर, एचएसजीएमसी की मंगलवार को गुरुद्वारा नीम साहिब में होने वाली अहम बैठक वरिष्ठ उप-प्रधान नेता दीदार सिंह नलवी के भतीजे के निधन के कारण स्थगित कर दी गई। इस बैठक में एचएसजीएमसी द्वारा प्रदेश के गुरुधामों की सेवा संभाल को लेकर चर्चा होनी थी।
अब मीटिंग 31 जुलाई को गुरुद्वारा नीम साहिब में ही होगी। गौरतलब है कि इस बैठक में एचएसजीएमसी कार्यकारिणी द्वारा फैसला लिया जाना था कि हरियाणा के गुरुघरों की सेवा संभाल किस तरह से अपने हाथ में ली जाए।
इसमें भाग लेने के लिए प्रधान जगदीश सिंह झींडा, महासचिव जोगा सिंह, सदस्य अपार सिंह, स्वर्ण सिंह, सरदार मनजीत सिंह डाचर एवं संत गुरमीत सिंह तिलोकेवाल एवं गुरुद्वारा नीम साहिब एवं मंजी साहिब प्रबंधक कमेटी के प्रधान एडवोकेट सुरजीत सिंह पहुंच भी गए थे, लेकिन इसी बीच सूचना मिली कि वरिष्ठ उप-प्रधान दीदार सिंह नलवी के भतीजे की मौत हो गई है, जिसके बाद मीटिंग स्थगित कर दी गई।
कार्यालय का उद्घाटन कल
एचएसजीएमएस अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि एचएसजीएमसी का अगला मुख्य एजेंडा हरियाणा के गुरुघरों की सेवा संभाल का है। आगामी 31 जुलाई को होने वाली मीटिंग में सेवा संभाल को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जब तक कुरुक्षेत्र में आधिकारिक रूप से कार्यालय शुरू नहीं हो जाता, तब तक कैथल के गुरुद्वारा नीम साहिब में एचएसजीएमसी द्वारा कार्यालय चलाया जाएगा। यहां कार्यालय तैयार कर लिया गया है। इसका उद्घाटन भी 31 जुलाई की मीटिंग से पूर्व कर दिया जाएगा। इस पर कानूनी राय ली जा रही है।