डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर पंजाब भर में अकाली दल ने किया विरोध प्रदर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार और नीले कार्ड रद्द करने के मामले में पंजाब सरकार के खिलाफ अकाली दल ने जालंधर समेत पूरे पंजाब में धरना प्रदर्शन किया। अकाली दल ने भाजपा के बिना यह प्रदर्शन किया। जिला अकाली दल के प्रधान कुलवंत सिंह मनन और पूर्व चेयरमैन बलजीत सिंह नीलामहल सभी चौक पर लगे धरने में जाकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
वहीं दूसरी तरफ भाजपा प्रधान सुशील शर्मा का कहना है कि अकाली दल ने धरना-प्रदर्शन को लेकर न तो उनकी पार्टी से चर्चा की और न ही धरने में शामिल होने का न्योता दिया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला अकाली दल प्रधान जत्थेदार कुलवंत सिंह मनन और नीलामहल ने कहा कि जितने भी नीले कार्ड रद्द किए गए हैं, उन्हें तुरंत बहाल किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- अभिनेता आयुष्मान खुराना ने खरीदी सेक्टर-6 पंचकूला में आलीशान कोठी, पत्नी के साथ पहुंचे तहसील
पंजाब सरकार के इस कदम से गरीबों का नुकसान हुआ है। नीलामहल ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी की जानी चाहिए। उन्होंने पेट्रोल और डीजल के रेट इस समय दुनिया में हिंदुस्तान में ही सबसे ज्यादा है। इससे आम जनता की कमर टूट गयी है। डीजल के महंगा होने से महंगाई बढ़ने लगी है।
लुधियाना: तेल की कीमतों के खिलाफ अकाली दल का प्रदर्शन
तेल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ मंगलवार को शिरोमणि अकाली दल ने सूबा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तेल की कीमतों पर से वैट कम करने को कहा। वहीं केंद्र सरकार से भी तेल से टैक्स का बोझ कम करने की मांग की।
अकाली नेता महेश इंदर ग्रेवाल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार लोगों को सब्जबाग दिखाकर बनी है। सूबे में किसान डीजल की सबसे ज्यादा मांग करते है, अब धान की बिजाई के समय किसानों को सबसे ज्यादा जरूरत होगी। राज्य सरकार ने बीते कुछ दिनों में तेल की कीमतों पर 10 रुपये टैक्स लगा दिया है। सरकार को चाहिए कि वह आम लोगों को राहत देते हुए वैट पर टैक्स की राशि को कम करें।
जिला प्रधान रणजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि कैप्टन सरकार को तेल की कीमतें कम करनी होगी अन्यथा अकाली दल उनका विरोध जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार गरीब लोगों को एक साजिश के तहत नीले कार्ड की लिस्ट से बाहर कर चुकी है। यह सब कुछ राजनीतिक हित साधने के लिए किया जा रहा है, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर यूथ अकाली प्रधान गुरदीप गोशा, हरभजन डंग, विपन सूद काका, हैप्पी सैनी, सतीश मल्होत्रा मौजूद रहे।
कांग्रेस सरकार हर फ्रंट पर फेल: सिंगला
पेट्रोल और डीजल पर केंद्र से भी ज्यादा टैक्स राज्य सरकार वसूल रही। यह आरोप मंगलवार को शिअद के पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला ने समर्थकों के साथ बठिंडा में धरने के दौरान लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर फ्रंट पर फेल है। उन्होंने काटे गए नीले कार्डों को बहाल करने की मांग भी की।
उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान किए गए राशन घोटालों की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई। इस दौरान हरपाल ढिल्लों, गुरसेवक मान, गुरबचन खुब्बन, राजिंदर मान, जगसीर सिंह, सुखदेव बराड़, हरजिंदर छिंदा, मक्खन सिंह, रोशन ज्ञाना, हरजिंदर टोनी, विजय कुमार, बलविंदर बल्ली, हरविंदर गंजू मौजूद रहे।
कैप्टन सरकार से हर वर्ग दुखी: भट्टी
बल्लूआना के पूर्व विधायक प्रकाश सिंह भट्टी ने मंगलवार को कहा पेट्रोल-डीजल पर 33 रुपये प्रति लीटर मुनाफा वसूलने वाली सूबा सरकार से आज राज्य का हर वर्ग दुखी है। भट्टी अबोहर के नेहरू पार्क के सामने प्रदेश सरकार के खिलाफ अकाली दल के धरने को संबोधित किया। भट्टी ने कहा कि वर्ष 2017 में युवाओं को सरकारी नौकरी और स्मार्टफोन देने का दावा करने वाली कैप्टन सरकार ने अभी तक एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया।
शिअद सर्कल शहर अध्यक्ष सुरेश सतीजा ने कहा कि कैप्टन सरकार ने जांच के नाम पर जरूरतमंदों के नीले कार्ड काट दिए और कोरोना काल में केंद्र से भेजा गया राशन भी अपने ही चहेतों को बांटकर जरूरतमंदों को दर-दर भटकने पर मजबूर कर दिया। इस मौके पर पूर्व सर्कल अध्यक्ष सुखमंदर सिंह नंबरदार, यूथ अबोहर प्रधान पटेल घुल्ला, एडवोकेट अश्विनी झूथरा, एडवोकेट वरिंद्र ग्रोवर, रोहित झांब, पूर्व पार्षद कुलवंत सिंह, बलवंत सिंह, हरप्रीत सिंह, हरपाल सिंह संधू मौजूद रहे।
सुनाम: केंद्र और प्रदेश सरकार पर बरसे अकाली
पेट्रोल व डीजल के बढ़ रहे दाम, राशन वितरण प्रणाली व नीले कार्ड काटकर जरूरतमंदों को अनाज से महरूम रखने के विरोध में अकाली दल ने शिव निकेतन चौक पर केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करके रोष प्रदर्शन किया। आंदोलन में विन्नरजीत सिंह गोल्डी, राजिंदर दीपा, प्रभशरण सिंह बब्बू, गुरप्रीत सिंह लख्मीरवाला, रविंदर सिंह चीमां समेत अन्य नेताओं ने भाग लिया। नेताओं ने कहा कि तेल की कीमतों में कटौती के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार ठोस कदम उठाएं। कैप्टन सरकार लोगों के साथ अन्याय कर रही है। जरूरतमंद वर्ग को जनकल्याण की योजनाओं से वंचित रखा जा रहा है।
पठानकोट: पेट्रो पदार्थों के बढ़े दामों पर जताया रोष
पेट्रो पदार्थों के खिलाफ राज्य सरकार को घेरने के लिए मंगलवार को अकाली दल (बादल) के नेता सड़कों पर उतरे। अकाली दल ने पठानकोट में विकास खंड, विधानसभा स्तर पर रोष प्रदर्शन और धरने दिए। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि कैप्टन सरकार की ओर से पेट्रोल-डीजल पर थोपे गए भारी टैक्स के कारण कीमतें बढ़ रही हैं।
कस्बा नरोट जैमल सिंह में सर्कल प्रधान विकास महाजन के नेतृत्व में राज्य सरकार को जमकर कोसा गया। विकास महाजन ने कहा कि सरकार ने नीले कार्ड के माध्यम से गरीबों को मिलने वाले राशन से हजारों नाम बिना कारण काट दिए है। इसका असर लाखों परिवारों पर पड़ रहा है। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने लोगों के साथ कई बड़े वादे किए थे, जो अभी तक पूरे नहीं हुए है। इस मौके पर दिनेश सिंह, करनैल सिंह, कृपाल सिंह, हर्ष कुमार, राहुल कुमार, अंशू कुमार मौजूद रहे।
राजपुरा के गांवों तक में विरोध प्रदर्शन
शिरोमणि अकाली दल की कोर कमेटी के सदस्य और पूर्व सांसद प्रोफेसर प्रेम सिंह चंदूमाजरा और जत्थेदार सुरजीत सिंह गढ़ी के नेतृत्व में तेल की कीमतों में वृद्धि, राशन वितरण प्रणाली और नीले कार्डों को काटने के चलते पंजाब व केंद्र सरकार के विरुद्ध शहर से लेकर गांवों तक रोष प्रदर्शन किया गया।
प्रो चंदूमाजरा ने कहा कि तेल की कीमतों में आए उछाल से तभी राहत मिल सकती है, जब केंद्र सरकार और पंजाब सरकार टैक्सों को कम करे। सूबे में नीले कार्ड धारकों के साथ भेदभाव वाली नीति अपनाई गई है। इस अवसर पर जत्थेदार सुरजीत सिंह गढ़ी, अकाली दल शहरी प्रधान रणजीत सिंह राणा, जसविन्द्र सिंह शामदू, अमरिंद्र सिंह लिंकन, अबरिंद्र सिंह कंग, पार्षद करनवीर सिंह कंग मौजूद रहे।
होशियारपुर: सूबा सरकार पर बरसे अकाली
शिरोमणि अकाली दल बादल ने मंगलवार को जिलाध्यक्ष (शहर) जतिंदर सिंह की अध्यक्षता में पेट्रोल-डीजल की कीमतों, जरूरतमंदों के नीले कार्ड काटने, बिजली दरों में बढ़ोतरी और अन्य जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी। बाजवा ने कहा कि तेल की कीमतों में लगातार वृद्धि का सीधा असर आम आदमी पर पड़ा है।
जनरल सेक्रेटरी एसजीपीसी एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि जरूरतमंदों के नीले कार्ड काटकर कैप्टन सरकार ने यह साबित कर दिया कि वह जनविरोधी है। नेताओं ने तेल की कीमतों में कटौती, नीले कार्ड बहाल करने, बिजली के बिलों में बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की। इस मौके पर तजिंदर सिंह सोढ़ी, प्रेम सिंह पिप्पनवाला, बृंदर सिंह परमार, संतोख सिंह औजला, मनजीत सिंह राय, नरिंदर सिंह, रूपलाल थापर, बिक्रमजीत सिंह कलसी मौजूद रहे।
गढ़शंकर में भी अकाली दल का प्रदर्शन
शिरोमणि अकाली दल बादल ने जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक सुरिंद्र सिंह भुल्लेवाल राठां के नेतृत्व में गढ़शंकर शहर में बंगा चौक और अड्डा झूगीयां में सूबा सरकार के खिलाफ रोष प्रर्दशन कर नारेबाजी की। भुल्लेवाल राठां ने कहा कि सरकार से किसान, मजदूर, व्यापारी समेत हर वर्ग परेशान हैं। गरीबों के राशन कार्ड काटने के अलावा अन्य प्रदेशों से ज्यादा टैक्स पेट्रोल-डीजल पर लगाए गए हैं।
अकाली दल के राष्ट्रीय महासचिव गुरप्रीत सिंह विक्का और भूपिंदर सिंह नीलू चीमा दसूहा अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम दसूहा कार्यालय के समक्ष धरना दिया। नीलू चीमा ने कहा कि सरकार ने झूठे वादे कर सत्ता हासिल की है। अब अपने वादों से मुकर रही है। कोरोना महामारी में केंद्र सरकार से मिला मुफ्त राशन भी बांटा नहीं गया।
मंडी गोबिंदगढ़: अकाली दल के 131 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
मंडी गोबिंदगढ़ पुलिस ने मंगलवार को मुख्य चौक पर रोष प्रदर्शन करने वाले शिरोमणि अकाली दल के 131 लोगों के खिलाफ कोरोना महामारी के दौरान प्रदर्शन करने पर डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट 2005 आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। एसएचओ महिंदर सिंह ने बताया कि उक्त लोगों ने कोरोना महामारी के दौरान सामाजिक दूरी के नियमों को ताक पर रखा। जिसके तहत 31 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसएचओ ने बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पटियाला: तेल की बढ़ी कीमतों का विरोध
तेल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ मंगलवार को शिरोमणि अकाली दल ने हलका सन्नौर में विधायक हरिंदरपाल सिंह चंदूमाजरा की अगुवाई में गांव-गांव प्रदर्शन किया। विधायक ने कहा कि तेल की कीमतों में हो रही वृद्धि को रोकने के लिए कांग्रेसियों को चाहिए कि अपनी सरकार पर वैट घटाने के लिए दबाव बनाए।
केंद्रीय एक्साइज ड्यूटी के अलावा पेट्रोलियम पदार्थों पर सबसे ज्यादा वैट दिल्ली सरकार की ओर से 30 फीसदी लगाया गया है। नंबर दो पर पंजाब सरकार है जहां 27 फीसदी वैट पेट्रोलियम पदार्थों पर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान कारोबार बंद होने के बावजूद व्यापारियों को बड़े-बड़े बिजली के बिल पकड़ा दिए गए। लॉकडाउन के दौरान हुए घपलों की जांच से सरकार पीछे हट रही है। उन्होंने लोगों को पेट्रोल व डीजल की बढ़ती कीमतों व अन्य मुद्दों पर सरकार के खिलाफ जागरूक होने की अपील की।
सरकारें तेल पर टैक्ट कम कर राहत दें: लोधीनंगल
बटाला। शिरोमणि अकाली दल ने मंगलवार को सुखा सिंह मेहताब सिंह पार्क में रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता विधायक लखबीर सिंह लोधीनंगल ने की। लोधीनंगल ने कहा कि कैप्टन सरकार ने शिरोमणि अकाली दल की सरकार के समय शुरू हुईं सभी सुख-सुविधाओं को बंद कर दिया है।
गरीबों के नीले कार्ड काट दिए, जिस कारण इस संकट की घड़ी में उन लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। स्कूलों में फीसों की मांग की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार और केंद्र सरकार को डीजल-पेट्रोल की कीमतों में टैक्स कम कर लोगों को राहत देनी चाहिए। इस मौके पर अकाली नेता बलबीर सिंह बिट्टू, इंद्र सेखड़ी, सुखबीर सिंह वाहला, सुभाष ओहरी मौजूद रहे।
मंडी गोबिंदगढ़: अकाली दल ने प्रदर्शन कर उठाई मांगें
शिरोमणि अकाली दल हलका अमलोह की ओर से मंगलवार को मंडी गोबिंदगढ़ के मुख्य चौक पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इसकी अगुवाई हलका इंचार्ज गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना ने की। प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में तख्तियां लेकर नीले कार्ड धारकों के नाम काटने, इंडस्ट्री को पांच रुपए प्रति यूनिट बिजली देने, पेट्रोल-डीजल की कीमतों को घटाने, स्कूली बच्चों की फीस माफ करवाने, सरकारी अनाज में घोटाले पर कार्रवाई और शराब फैक्टरियां बंद करवाने की मांग की।
गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना ने कहा कि प्रदर्शन पार्टी प्रधान सुखबीर सिंह बादल की हिदायतों के अनुसार किया जा रहा है। 20 गांवों में अकाली दल के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। केंद्र व राज्य सरकार से 10-10 रुपये डीजल पेट्रोल की कीमतें कम करने की अपील भी की गई है। इस दौरान करमजीत सिंह भगड़ाना, परमजीत सिंह खन्याण, हरबंस सिंह बडाली, कैप्टन जसवंत सिंह बाजवा, जरनैल सिंह माजरी, हरिंदर सिंह दीवा, डॉ. रघुबीर शुक्ला, इकबाल सिंह राय मौजूद रहे।