Punjab: धमकी पर बोले शहनाज गिल के पिता, हिंदू नेता होने के कारण बनाया जा रहा निशाना, छोड़ दूंगा पंजाब
एसएसपी देहात स्वपन शर्मा ने बताया कि इससे संबंधित सबूत लेकर मामले में जांच शुरु कर दी गई है। उन्होंने बताया कि शहनाज गिल के पिता को सुरक्षा मुहैया करवाई गई है।
विस्तार
अभिनेत्री शहनाज गिल के पिता संतोख सिंह गिल को शुक्रवार देर रात अज्ञात मोबाइल नंबर से जान से मारने की धमकी आई थी। शनिवार को संतोख गिल ने एसएसपी अमृतसर ग्रामीण को शिकायत दी। गिल ने कहा कि कल मुझे हैप्पी नाम के एक शख्स का फोन आया जिसने मुझे दिवाली से पहले जान से मारने की धमकी दी। मुझे लगता है कि वे मुझे निशाना बनाना चाहते हैं क्योंकि मैं एक हिंदू नेता हूं।
उन्होंने कहा कि अगर मैंने खुद को असुरक्षित महसूस किया तो मैं पंजाब छोड़ दूंगा और चंडीगढ़ या मुंबई में शिफ्ट हो जाऊंगा। कुछ दिनों में आरोपियों की गिरफ्तारी न हुई तो मैं पंजाब छोड़ दूंगा। अमृतसर की एसपी जसवंत कौर ने कहा कि हमें संतोख गिल की शिकायत मिली है। उसके पास पहले से ही 2 गनमैन हैं और आज एक और गनमैन मुहैया कराया गया है। हम कॉल ट्रेस करेंगे और पूरी जांच की जाएगी।
संतोख गिल ने बताया कि शुक्रवार को वे किसी काम के सिलसिले में अपनी कार में सवार होकर तरनतारन की ओर जा रहे थे। इस बीच उनके मोबाइल पर किसी अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि वह उन्हें दिवाली से पहले जान से मार देगा। कॉल करने वाले ने धमकाते हुए कहा कि वह उन्हें गोली से नहीं बल्कि टुकड़े-टुकड़े करके मारेगा।
पिछले साल 25 दिसंबर की रात भी बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार पर फायरिंग की थी। इसमें पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार युवकों पर केस दर्ज कर घटनास्थल के आस-पास के इलाके से सीसीटीवी की फुटेज लेकर खंगाली मगर अभी तक हमलावरों का सुराग नहीं लग सका।
संतोख सिंह ने गिल दिसंबर 2021 में भाजपा का दामन थामा था। वह पहले भी विधानसभा व लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। अब वह भाजपा में शामिल होकर श्री खडूर साहिब विधानसभा हलका से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। भाजपा ज्वाइन करने के बाद उन्होंने यह इच्छा जताई थी।