पटियाला: ऐतिहासिक काली माता मंदिर में बेअदबी, आरोपी पकड़ा गया, केजरीवाल व कैप्टन ने की घटना की निंदा
पंजाब के पटियाला में बेअदबी का मामला सामने आया है। आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने घटना की निंदा की है।
विस्तार
पटियाला के ऐतिहासिक काली माता मंदिर में सोमवार दोपहर बाद माता के सिंहासन पर चढ़कर माता की मूर्ति को छूने का मामला सामने आया है। मौके पर तुरंत आरोपी को काबू कर पुलिस के हवाले किया गया। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही थी। आरोपी की पहचान राजदीप (22) पुत्र परमजीत निवासी गांव मैण जिला पटियाला के तौर पर हुई है।
हिंदू सुरक्षा समिति के उपाध्यक्ष एवं श्री हिंदू तख्त के वरिष्ठ प्रचारक राजेश केहर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक सोमवार दोपहर बाद करीब ढाई बजे आरोपी युवक माता के मंदिर में आता है। मंदिर के अंदर पहले इस युवक ने दो-तीन महिलाओं के साथ गलत हरकत की। इसके बाद मंदिर में नतमस्तक होते हुए अचानक यह युवक माता के पवित्र सिंहासन पर चढ़ गया और माता की मूर्ति को छू लिया। जबकि माता के पवित्र सिंहासन पर केवल पूजा-पाठ करने वाले पुजारियों को आने की इजाजत है। आरोपी को ऐसा करते देख पुजारी ने तुरंत उसे नीचे धक्का दिया और दूसरे पुजारी ने उसे दबोचते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस ने पहुंच कर आरोपी को काबू कर लिया।
सिक्योरिटी गार्ड की गैरमौजूदगी से उठे सवाल
हिंदू नेता राजेश केहर ने बताया कि मंदिर के अंदर हर समय एक महिला व एक पुरुष सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहता है लेकिन घटना के समय पुरुष सिक्योरिटी गार्ड ड्यूटी से गैरहाजिर था, जिससे शंका पैदा होती है। बाद में जब उससे इस बारे में पूछा गया तो उसने कहा कि वह शौचालय गया था। उन्होंने मांग की है कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
हिंदू नेता ने माता के मंदिर की सुरक्षा में हुई इस बड़ी चूक के लिए डीसी व एसडीएम से इस्तीफों की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्षों से वही सिक्योरिटी चली आ रही है, इसमें बदलाव लाया जाए। थाना कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर बिक्रम बराड़ ने बताया कि आरोपी राजदीप को मौके से काबू कर लिया गया है। फिलहाल सभी पहलुओं से जांच चल रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
मंदिर के बाहर भाजपा का धरना, मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग
श्री काली माता मंदिर में हुई बेअदबी की घटना के विरोध में जिला भाजपा (शहर) प्रधान हरिंदर कोहली की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंदिर के बाहर धरना प्रदर्शन किया और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। जिला प्रधान कोहली ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व पंजाब में दोबारा हिंसा भड़काने की साजिश कर रहे हैं।
आगे कहा कि श्री काली माता मंदिर पूरे उत्तर भारत के हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं का केंद्र है। यहां अगर दिनदहाड़े और सुरक्षा के बीच इस तरह की घटना बड़ी साजिश की तरफ इशारा करती है। जिसका पर्दाफाश करने के लिए उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
#UPDATE | We'll verify the alleged sacrilege incident, we'll take action against the accused: Patiala SP City Harpal Singh pic.twitter.com/GyB6mtrP7M
— ANI (@ANI) January 24, 2022
हम कथित बेअदबी की घटना की पुष्टि करेंगे, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। पटियाला एसपी सिटी हरपाल सिंह
पंजाब की सामाजिक समरसता को अस्थिर करने की कोशिश: सीएम चन्नी
पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि आज दोपहर करीब 2.30 बजे पटियाला के श्री काली माता मंदिर में एक व्यक्ति पहुंचा और उस सिंहासन पर चढ़ गया जहां श्री काली माता जी की मूर्ति स्थापित है। इसके बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कुछ निहित स्वार्थी तत्व आगामी चुनावों को देखते हुए पंजाब के सामाजिक समरसता को अस्थिर करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं लेकिन मैं उन्हें उनके दुर्भावनापूर्ण मंसूबों में कामयाब नहीं होने दूंगा।
Today around 2.30 pm, a person arrived at Sri Kali Mata Mandir in Patiala and climbed on the threshold where the idol of Sri Kali Mata Ji was installed. Following this, he was caught and handed over to the police: Punjab CM Charanjit Singh Channi
— ANI (@ANI) January 24, 2022
(File photo) pic.twitter.com/d7eW5swwZK
Some vested interests are continuously trying to destabilise the social harmony of Punjab in view of the upcoming elections, but I will not let them succeed in their malicious motives: Punjab CM Charanjit Singh Channi
— ANI (@ANI) January 24, 2022
पटियाला के श्री काली माता मंदिर में बेअदबी के प्रयास की घटना की कड़ी निंदा करते हैं। पंजाब में शांति भंग करने की बार-बार कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैं चुनाव आयोग से कार्रवाई का आग्रह करता हूं। कैप्टन अमरिंदर सिंह
पंजाब का माहौल बिगाड़ने की साजिशें जारी हैं। पटियाला के श्री काली माता मदिंर में बेअदबी की कोशिश बहुत निंदनीय है। आरोपी को सख्त सजा दी जाए। कुछ दिन पहले श्री हरमंदिर साहिब में बेअदबी की कोशिश की गई थी। बेअदबी की घटनाओं के पीछे साजिश करने वालों का चेहरा बेनकाब कर सख्त सजा दी जाए। अरविंद केजरीवाल, दिल्ली के मुख्यमंत्री