कोरोना वैक्सीन पर प्रशासक की समीक्षा बैठक, पहले चरण में 8830 स्वास्थ्यकर्मियों को लगेगा टीका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में कोरोना वैक्सीन को मंजूरी मिलने के बाद अब टीकाकरण की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। चंडीगढ़ में पहले फेज में 8830 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाएगा। वहीं, दूसरे फेज में पुलिसकर्मियों, नागरिक सुरक्षा, राजस्व और आपदा प्रबंधन से जुड़े करीब 10500 कर्मचारियों का टीकाकरण किया जाएगा। नगर निगम में इन कर्मचारियों की जानकारी जुटा ली है।
चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने सोमवार को ट्राइसिटी के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक में टीकाकरण की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि उनकी तरफ से किया गया ड्राई रन सफल रहा है। बीते दिनों एक वेबिनार के माध्यम से निजी स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण के प्रोटोकॉल की जानकारी दी गई।
बताया कि टीकाकरण कार्यक्रम के पहले फेज में निजी और सरकारी अस्पतालों के 8830 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन की डोज दी जाएगी। स्वास्थ्य निदेशक ने बताया कि केंद्र सरकार से चंडीगढ़ को एक वॉक-इन-रेफ्रिजरेटर भी मिला है, जिसका फायदा टीकाकरण कार्यक्रम के दौरान मिलेगा। उन्होंने बताया कि जीएमसीएच-32, जीएमएसएच-16 में पोस्ट कोविड क्लीनिक चलाया जा रहा है, जहां पर फिलहाल 20 मरीज भर्ती हैं।
डॉ. कंग ने बताया कि ब्रिटेन से आए सभी 34 यात्रियों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। बैठक में नगर निगम के कमिश्नर केके यादव ने बताया कि कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण की भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। दूसरे चरण में पुलिसकर्मियों, नागरिक सुरक्षा, राजस्व और आपदा प्रबंधन के करीब 10,500 कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। उनकी जानकारी भी एकत्रित कर ली गई है।
प्रशासक ने यूटी पुलिस की पीठ थपथपाई
नए साल के मौके पर चंडीगढ़ पुलिस की तरफ से किए गए प्रबंधों को लेकर प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने पुलिस के कर्मचारी व अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरोना को देखते हुए चंडीगढ़ में अतिरिक्त सख्ती लागू नहीं की गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने बेहतर ढंग से कानून व्यवस्था को बनाए रखा।
शहर में कोई बड़ी घटना नहीं घटी। प्रशासक ने लोगों से आग्रह किया कि वह शहर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहे पोस्ट कोविड क्लीनिक का लाभ उठाएं ताकि कोरोना को हराकर घर लौटे व्यक्तियों की दोबारा तबीयत खराब न हो। जीएमसीएच-32 की निदेशक डॉ. जसविंदर कौर ने बताया कि जीएमसीएच में सोमवार से ईएनटी, नियोनेटोलॉजी, दर्द क्लीनिक और प्री-एनेस्थेटिक चेक-अप (पीएसी) की ओपीडी शुरू कर दी गई है।
कोरोना संक्रमण की दर घटी
पीजीआई के निदेशक प्रो. जगतराम ने बताया कि नेहरू एक्सटेंशन में कोरोना के 63 गंभीर मरीज भर्ती हैं। इनमें से 20 चंडीगढ़, 26 पंजाब, आठ हरियाणा, पांच हिमाचल प्रदेश और बाकी अन्य राज्यों से संबंध रखते हैं। उन्होंने बताया कि 149 वॉलिंटियर्स पर सफलतापूर्वक आयोजित किए गए कोविशील्ड टीकाकरण के लिए दोनों डोज के परीक्षण का कोई भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं दिखाई दिया है।
कोरोना टीकाकरण: पंजीकरण का एक और मौका
कोरोना टीकाकरण के पंजीकरण के लिए बनाए गए पोर्टल को फिर से खोल दिया गया है। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कौर कंग ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार, 31 दिसंबर तक ही पोर्टल पर पंजीकरण करने की अनुमति थी लेकिन अब भी काफी हेल्थ केयर वर्कर्स ऐसे हैं जिनका पंजीकरण नहीं हो पाया है। ऐसे में सरकार ने पंजीकरण के लिए पोर्टल को फिर से खोल दिया है। डॉ. कंग ने बताया कि शहर के जिन हेल्थ केयर वर्कर्स का पंजीकरण अब तक भारत सरकार के पोर्टल पर नहीं हो पाया है, वह शीघ्र जीएमएसएच-16 के पंजीकरण कक्ष में आकर अपना पंजीकरण करा लें, ताकि वे भी टीकाकरण का लाभ उठा सकें।
यूके से लौटे 34 यात्रियों की अब भी की जा रही निगरानी
यूके से लौटे 34 यात्रियों पर स्वास्थ्य विभाग अब भी नजर बनाए हुए है। स्वास्थ्य विभाग का हेल्प डेस्क प्रतिदिन उन 34 लोगों को कॉल कर उनका फीडबैक ले रहा है। निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अमनदीप कंग का कहना है कि सभी यात्री पूरी तरह स्वस्थ हैं। हेल्प डेस्क की रिपोर्ट के अनुसार अब तक किसी यात्री ने भी किसी तरह के लक्षण की जानकारी नहीं दी है। उन्होंने बताया कि उन सभी यात्रियों की जांच कराई जा चुकी है। सभी की रिपोर्ट निगेटिव है,लेकिन मानक के अनुसार तय समय तक उनकी मॉनिटरिंग बेहद जरूरी है, ताकि किसी में भी कोई लक्षण आने पर तत्काल बचाव कार्य किया जा सके।
आज यहां रहेगी मोबाइल टीम
स्वास्थ्य विभाग की ओर से नि:शुल्क कोरोना स्क्रीनिंग के लिए चलाई जा रही मोबाइल टीम मंगलवार को बस स्टैंड सेक्टर- 17, सेक्टर 27 और 21 के कंटेनमेंट जोन, मनीमाजरा हाउसिंग के कंटेनमेंट जोन, सिविल डिस्पेंसरी बहलाना, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन और सेक्टर- 26 स्थित पुलिस हॉस्पिटल में रहेगी। टीम सुबह 9.30 से दोपहर तीन बजे तक मौके पर कोरोना की जांच कर रिपोर्ट देगी।