Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   India-US Trade Pact and Tariff Shock Explainer: Why Washington Is Threatening New Duties and What Lies Ahead

एक्सप्लेनर: ट्रेड वॉर की नई तपिश में क्या अमेरिका में महंगे हो जाएंगे भारतीय उत्पाद? 12 आसान सवालों में समझें

Fri, 27 Nov 2026 11:39 AM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: कुमार विवेक Updated Fri, 27 Nov 2026 11:39 AM IST
विज्ञापन
सार
  • अमेरिका ने भारत पर 25% तक नए आयात शुल्क लगाने का प्रस्ताव देकर द्विपक्षीय व्यापार समझौते को फिर चर्चा में ला दिया है।
  • मेक इन इंडिया पर अमेरिकी आपत्तियों, 500 अरब डॉलर के खरीद वादे और निर्यातकों पर असर को समझने के लिए पढ़ें यह 12 सवालों वाला आसान बिजनेस एक्सप्लेनर। तुरंत क्लिक करें।
loader
India-US Trade Pact and Tariff Shock Explainer: Why Washington Is Threatening New Duties and What Lies Ahead
भारत-अमेरिका के बीच सबसे ज्यादा व्यापार। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका और सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार एक बार फिर तीखे मोड़ पर आ खड़ा हुआ है। भारत और अमेरिका ने फरवरी 2025 में शुरू हुई बातचीत के बाद इस साल फरवरी में अपने द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले चरण के ढांचे को अंतिम रूप दे दिया था। लेकिन वाशिंगटन के टैरिफ ढांचे में आए नए बदलावों ने दोनों पक्षों को फिर से बातचीत की मेज पर ला दिया है।



अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) द्वारा भारत सहित 14 देशों पर 25 प्रतिशत तक के नए टैरिफ प्रस्तावित किए जाने के बाद यह सवाल हर आम नागरिक और कारोबारी के मन में है कि आखिर माजरा क्या है। इस पूरे घटनाक्रम को 12 आसान सवालों और जवाबों में समझें:

1. टैरिफ आखिर क्या होता है और इसका असर क्या पड़ता है?

टैरिफ वह सीमा शुल्क या आयात शुल्क है जो कोई देश अपने यहां बाहर से आने वाले सामानों पर लगाता है और इसका भुगतान आयातक (Importer) करता है। यह शुल्क आयातित सामान की लागत बढ़ा देता है, जिससे वे घरेलू उत्पादों की तुलना में महंगे हो जाते हैं। सरकारें इसका इस्तेमाल अपने घरेलू उद्योगों को बचाने, राजस्व जुटाने और व्यापार प्रवाह को प्रभावित करने के लिए करती हैं।

2. अमेरिका अपने व्यापारिक साझेदारों पर टैरिफ का डंडा क्यों चला रहा है?

अमेरिका अपने व्यापार घाटे को पाटने, घरेलू विनिर्माताओं को विदेशी प्रतिस्पर्धा से बचाने और दूसरे देशों पर अपनी शर्तों के अनुकूल व्यापार समझौते करने का दबाव बनाने के लिए टैरिफ को हथियार बना रहा है। वाशिंगटन का आरोप है कि भारत और चीन जैसे देश अमेरिकी सामानों पर भारी आयात शुल्क और कड़े नियम लगाते हैं, जबकि अमेरिकी बाजार में कम टैरिफ का लाभ उठाते हैं।

3. भारतीय अर्थव्यवस्था और निर्यातकों के लिए अमेरिकी बाजार कितना अहम?

अमेरिका वित्त वर्ष 2021-22 से लगातार भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना हुआ है।

  • वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अमेरिका को भारत का निर्यात 0.92 प्रतिशत बढ़कर 87.3 अरब डॉलर रहा, जबकि आयात 15.95 प्रतिशत बढ़कर 52.9 अरब डॉलर पहुंच गया।
  • इस दौरान अमेरिका के साथ भारत का व्यापार अधिशेष (Trade Surplus) 2024-25 के 40.89 अरब डॉलर से घटकर 34.4 अरब डॉलर रह गया।
  • कपड़ा (Textiles), दवाइयां (Pharma), इंजीनियरिंग सामान, रत्न-आभूषण, रसायन और इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए अमेरिका भारत का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य है। टैरिफ बढ़ने से इन उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और बाजार हिस्सेदारी सीधे प्रभावित होगी।

4. पिछले डेढ़ साल में अमेरिका का टैरिफ ढांचा किस तरह बदला?

अगस्त 2025: अमेरिका ने 7 अगस्त 2025 से 25 प्रतिशत शुल्क लगाया और भारत द्वारा रूसी कच्चा तेल खरीदने पर दंड के रूप में 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क जोड़ दिया, जिससे छूट प्राप्त वस्तुओं को छोड़कर भारतीय उत्पादों पर कुल टैरिफ 50 प्रतिशत तक पहुंच गया।

  • फरवरी 2026: दोनों देश एक समझौते पर पहुंचे जिसके तहत वाशिंगटन पारस्परिक शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमत हुआ। लेकिन 20 फरवरी को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने इस पारस्परिक टैरिफ प्रणाली को रद्द कर दिया।
  • जुलाई 2026: इसके बाद ट्रंप प्रशासन ने 1974 के व्यापार अधिनियम की 'धारा 301' (Section 301) का सहारा लिया और 'जबरन श्रम' (Forced Labour) की चिंताओं का हवाला देते हुए भारत सहित 60 देशों पर 10 से 12.5 प्रतिशत का शुल्क लगा दिया।

5. ताजा विवाद क्या है और यूएसटीआर ने नया क्या कदम उठाया है?

25 नवंबर को अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) ने 14 अर्थव्यवस्थाओं में 'संरचनात्मक अतिरिक्त विनिर्माण क्षमता' (Structural Excess Capacity) की अपनी दूसरी धारा 301 जांच के नतीजे जारी किए। इसके तहत भारत पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा गया है, हालांकि यह भी संकेत दिया गया है कि यदि दोनों देशों में व्यापार समझौता हो जाता है तो यह दर 17 प्रतिशत पर समायोजित की जा सकती है।

6. अमेरिकी रिपोर्ट में भारत पर क्या आरोप लगाए गए हैं?

यूएसटीआर का आरोप है कि भारत की औद्योगिक नीतियां- जैसे 'मेक इन इंडिया' पहल और पीएलआई (PLI) योजनाएं- कारखानों का विस्तार, श्रम सुरक्षा, वित्तीय तौर-तरीके और बाजार पहुंच की बाधाएं वैश्विक स्तर पर जरूरत से ज्यादा क्षमता बढ़ा रही हैं और अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंचा रही हैं। रिपोर्ट में विशेष रूप से स्टील, सौर ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल डिवाइसेज और सूचना व संचार प्रौद्योगिकी (ICT) को चिंता का विषय बताया गया है।

अमेरिका का टैरिफ वॉर, हम कितने तैयार?
अमेरिका का टैरिफ वॉर, हम कितने तैयार? - फोटो : amarujala.com

7. इन अमेरिकी आरोपों पर भारत सरकार का क्या रुख है?

भारत ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि उसके किसी भी सेक्टर में कोई 'संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता' नहीं है। भारत ने जोर देकर कहा कि व्यापार संबंधी किसी भी चिंता का समाधान द्विपक्षीय व्यापार समझौते की वार्ता के दायरे में ही होना चाहिए और वह 7 फरवरी 2026 के संयुक्त बयान के अनुसार समझौते को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

8. फरवरी 2026 के संयुक्त बयान में दोनों देशों के बीच क्या सहमति बनी थी?

दोनों देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमति बनी थी, जिसके मुख्य बिंदु थे:

  • भारत सभी अमेरिकी औद्योगिक वस्तुओं और कृषि व खाद्य उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला पर टैरिफ खत्म या कम करेगा।
  • अमेरिका भारतीय सामानों पर 18 प्रतिशत की पारस्परिक दर लागू करेगा।
  • भारत अगले 5 वर्षों में अमेरिका से 500 अरब डॉलर मूल्य के ऊर्जा उत्पाद, विमान व उनके पुर्जे, कीमती धातुएं, प्रौद्योगिकी उत्पाद और कोकिंग कोल खरीदने का इरादा रखता है।
  • दोनों पक्ष गैर-टैरिफ बाधाओं को दूर करेंगे। यदि कोई देश सहमत दरों में बदलाव करता है, तो दूसरे को भी अपनी प्रतिबद्धता बदलने का अधिकार होगा।

9. भारत इस समझौते के जरिए कैसी बढ़त चाहता है?

भारत अपने निर्यातकों को अमेरिकी टैरिफ से बचाने और दक्षिण व दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रतिद्वंद्वी विनिर्माण देशों पर बढ़त हासिल करने के लिए यह समझौता चाहता है। भारत का कहना है कि समझौता तभी हस्ताक्षरित होगा जब अमेरिकी टैरिफ ढांचा स्पष्ट हो जाए और भारत को बांग्लादेश, वियतनाम, इंडोनेशिया, थाईलैंड और चीन जैसे प्रतिस्पर्धियों की तुलना में कम टैरिफ और बेहतर बाजार पहुंच की 'तुलनात्मक बढ़त' मिले।

10. क्या नए 17% के प्रस्ताव से भारत को प्रतिस्पर्धी देशों पर बढ़त मिलेगी?

यूएसटीआर के प्रस्ताव के अनुसार समझौते की स्थिति में भारत पर 17 प्रतिशत टैरिफ लगेगा। इससे भारत को बांग्लादेश, कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड (जिनकी डील दर 18% है) पर मात्र 1 प्रतिशत की बढ़त मिलेगी, जबकि वियतनाम और चीन (20% डील दर) पर केवल 3 प्रतिशत की बढ़त मिलेगी। समझौता न होने पर भारत पर यह शुल्क 25 प्रतिशत तक जा सकता है।

11. क्या भारत के पड़ोसी देश अमेरिकी बाजार में हमसे सस्ते साबित होंगे?

विशेषज्ञों के अनुसार भारत को एक बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है। कारण यह है कि अतिरिक्त क्षमता वाली धारा 301 जांच केवल 14 व्यापारिक साझेदारों पर केंद्रित है। इसका मतलब है कि पाकिस्तान, श्रीलंका, फिलीपींस और तुर्किए जैसी कई अर्थव्यवस्थाएं इस अतिरिक्त टैरिफ के दायरे से बाहर रह सकती हैं, जिससे अमेरिकी बाजार में उनके निर्यातकों को भारतीय सामानों के मुकाबले लागत का बड़ा फायदा मिल जाएगा।

12. आगे की राह क्या है और विशेषज्ञों की क्या चेतावनी है?

  • समय-सीमा: यूएसटीआर ने इन प्रस्तावों पर 5 जनवरी 2027 तक लिखित आपत्तियां मांगी हैं और 25 जनवरी को सार्वजनिक सुनवाई निर्धारित की है, जिसके बाद ही शुल्क लागू करने पर अंतिम फैसला होगा।
  • विशेषज्ञों का नजरिया: भारतीय निर्यातक जहां सरकार से समझौते को तुरंत अंतिम रूप देने की मांग कर रहे हैं, वहीं आर्थिक थिंक टैंक जीटीआरआई (GTRI) का मानना है कि 100 प्रतिशत तक के 'ग्राहम टैरिफ' के खतरे के बीच भारत को किसी एकतरफा समझौते के दबाव में नहीं आना चाहिए, बल्कि अपने औद्योगिक विस्तार को वैध घरेलू व निर्यात मांग के तौर पर मजबूती से डिफेंड करना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed