आरक्षण पर भागवत का समर्थन क्यों कर रहे हैं शत्रुघ्न?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के पटना साहिब से सांसद और वरिष्ठ नेता शत्रुघ्न सिन्हा के एक ट्वीट ने आरक्षण पर चल रहे घमासान के बीच भाजपा की मुश्किलें बढ़ाने की तैयारी कर दी है।
ज्यादातर मुद्दों पर पार्टी से अलग लाइन पर चल रहे बिहारी बाबू शत्रुघ्न ने आरक्षण के मुद्दे पर आरएसएस प्रमुख का समर्थन करते हुए उनकी बात को गंभीरता से लेने की मांग की है। रविवार को ट्वीट करते हुए शत्रुघ्न ने कहा कि 'आरक्षण के मुद्दे पर मोहन भागवत के बयान को गंभीरता से लेना चाहिए।
वह खुद भी आरएसएस सुप्रीमो के विचार को काफी सम्मान से देखते हैं।' उन्होंने एक तरह से भाजपा नेताओं की आलोचना करते हुए लिखा कि 'भाजपा और संघ के पितातुल्य शख्स की कुछ लोगों द्वारा निंदा करने से वह बेहद आहत हैं।'
ऐसे में यह सवाल फिर खड़ा हो गया है कि जहां पूरी पार्टी आरक्षण के मुद्दे पर आरएसएस प्रमुख के बयान से किसी तरह खुद को किनारे रखने की कवायद में लगी है वहां शत्रुघ्न क्यों भागवत का समर्थन कर पार्टी की टेंशन बढ़ाने में लगे हैं।
रणदीप सूरजेवाला से शत्रुघ्न की मुलाकत की चर्चा
वो भी तब जब बिहार चुनावों में लालू यादव आरक्षण के मामले पर लगातार भाजपा को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। माना जा रहा है मौजूदा विधानसभा चुनावों में अपनी अनदेखी से बिहारी बाबू इस कदर आहत हैं कि अब वह आर पार के मूड में आ गए हैं।
इस बात को सोमवार को एक नए घटनाक्रम से भी उस समय बल मिला जब इस बात चर्चा शुरू हुई कि शत्रुघ्न सिन्हा ने कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सूरजेवाला से मुलाकात की है। हालांकि इस मुलाकात की पुष्टि तो नहीं हो सकी लेकिन इस बात की चर्चा बहुत तेजी से फैली।
जिसके बाद दिल्ली की सत्ता के गलियारों में अटकलों का बाजार एक बार फिर गर्म हो गया। हालांकि अभी शत्रुघ्न ने इस संबंध में अपना मुंह तो नहीं खोला है लेकिन माना जा रहा है कि वह जल्द ही कोई बड़ा धमाका करने की तैयारी में हैं।