Bihar News: ग्रामीणों ने बिजली-पानी की समस्या को लेकर किया हल्ला बोल, पांच घंटे सड़क रही जाम
Demonstration In Sitamarhi : सीतामढ़ी जिले के नानपुर प्रखंड के नानपुर दक्षिणी और उत्तरी पंचायत के लोगों ने रविवार को मोर्चा खोल दिया है। बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर विरोध किया। सुबह से शुरू हुआ यह आंदोलन दोपहर बाद अधिकारियों के हस्तक्षेप करने पर समाप्त हुआ।
विस्तार
बीडीओ ने जेई को तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया
सड़क जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रूपेश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं आएंगे, तब तक जाम जारी रहेगा। इसके बाद थानाध्यक्ष ने बीडीओ आबिद हुसैन, सीओ सुमित कुमार यादव और बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) गौरव कुमार को सूचना दी। बीडीओ ने जेई को तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया।
फिलहाल बिजली की पर्याप्त आपूर्ति हो रही- जेई
कुछ देर बाद सभी अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बातचीत में सहमति बनी कि सोमवार को प्रखंड कार्यालय में बिजली विभाग और पीएचडी विभाग के अधिकारी बैठक में शामिल होंगे। प्रदर्शनकारियों की ओर से पांच सदस्यीय टीम भी बैठक में पहुंचेगी, जहां समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा। बिजली विभाग के जेई गौरव कुमार ने बताया कि शनिवार को तकनीकी खराबी के कारण चार से पांच घंटे बिजली बाधित रही थी, जिसे अब दुरुस्त कर लिया गया है और फिलहाल पर्याप्त आपूर्ति हो रही है। बीडीओ आबिद हुसैन ने कहा कि समस्या समाधान के लिए सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक होगी।
करीब पांच घंटे तक चले जाम के कारण पुपरी-रून्नीसैदपुर मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। बैठक के आश्वासन के बाद ही ग्रामीण शांत हुए और आवागमन बहाल हो सका।
ये भी पढ़ें- Bihar: PK का मंगल पांडेय पर पलटवार, पूछा- मेडिकल कॉलेज को NOC दिया? 100 करोड़ की एंबुलेंस पेमेंट पर कही यह बात
ये भी पढ़ें- Bihar News: बंगलूरू से आया... पटना में गंगा में कूदा शख्स, 100 किमी बहने के बाद मिला जिंदा; जानें मामला