Bihar News : घर से बच्चा चोरी; कार से आए चोर 10 महीने का बच्चा उठाकर ले गए, सड़क पर हंगामा
Bihar Police : बिहार में इन दिनों बच्चों के गायब या चोरी होने की वारदातें बार-बार सामने आ रही हैं। इस बार भोजपुर में यह घटना हुई है। 10 महीने का बच्चा घर में मां-बाप के साथ सोया था और कोई कार से आकर चुरा ले गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के आरा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां घर में मां के साथ सो रहे एक 10 महीने के मासूम बच्चे की चोरी कर ली गई है। इस घटना की जानकारी जैसे ही पीड़ित परिजन और स्थानीय लोगों को मिली, उनके बीच खलबली मच गई। उसके बाद गुस्साए परिजनों ने पुलिस से बच्चे की सकुशल बरामदगी को लेकर फतेहपुर बाजार के पास बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर आगजनी कर सड़क जाम कर दी। घटना सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव स्थित अनुसूचित जाति टोला की है। इधर, बच्चा चोरी और सड़क जाम की सूचना मिलते ही तुरंत सिकरहट्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिर गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने और चोरी किए गए बच्चे की बरामदगी के प्रयास में जुट गई।
जबतक लोग पकड़ते, कार से लेकर फरार
जानकारी के मुताबिक, चोरी हुआ 10 महीने का बच्चा उमेश राम है जो फतेहपुर महादलित टोला निवासी लुटावन राम का बेटा है। गायब बच्चे के पिता लुटावन राम का कहना है कि मंगलवार को उमेश राम अपने मां और पिता के साथ कराकटनुमा घर में सो रहा था। इसी दौरान रात करीब 10 बजे के आसपास कार से कुछ लोग आए और मां-बाप के साथ सो रहे बच्चे को धीरे से चोरी कर उसको अपने साथ लेकर भागने लगे। इस दौरान वहां मौजूद एक बुजुर्ग महिला बच्चा चोरी करते देख चिल्लाने लगी। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और बच्चा चोर बच्चे को लेकर फरार हो गए। वहीं, हो-हल्ला सुन परिवार के लोग नींद से जगे तो बच्चे के गायब होने का पता चला। इससे उनके बीच कोहराम मच गया। पीड़ित परिजन गायब बच्चे को ढूंढ़ने लगे। लेकिन बच्चे का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
लोगों ने सड़क जाम किया तो पुलिस ने समझाया
परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना सिकरहट्टा थाना पुलिस को दी। पीड़ित परिजनों की मानें तो उनका किसी के साथ कोई विवाद नहीं है और न ही वह लोग बच्चा चोरी करने वाले लोगों को ही पहचानते हैं। घटना को लेकर सिकरहट्टा थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि फतेहपुर महादलित टोले में मंगलवार की रात लुटावन राम के बच्चे की चोरी होने का मामला सामने आया है। जहां पीड़ित परिवार के द्वारा बच्चे की बारामदगी को लेकर सड़क जाम की गई थी। पुलिस ने फिलहाल मौके पर पहुंच कर गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया है। साथ ही गायब बच्चे की सकुशल बारामदगी के प्रयास में लगी हुई है।