Bihar News : एशिया प्रसिद्ध सोनपुर मेले का होगा आयोजन, सांसद ने की बैठक; जानिये कब से हो रहा है शुरू
Bihar : विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला के आयोजन फिर से किया जायेगा। एशिया प्रसिद्ध सोनपुर मेला क्षेत्र के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा 25 करोड़ रुपए स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत स्वीकृति दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला के आयोजन को लेकर सोनपुर नगर पंचायत के सभागार में स्थानीय भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूड़ी के अध्यक्षता में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सोनपुर मेला कमिटी के सदस्य, जिला एवं अनुमंडल स्तर के अधिकारियों की उपस्थिति में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान बताया गया कि इस वर्ष सोनपुर मेला आगामी 13 नवंबर से शुरू होकर 14 दिसंबर 2024 तक चलेगा। उपस्थित सभी प्रतिनिधियों से महत्वपूर्ण अनुभव और सुझाव मांगा गया, जिसमें मुख्य रूप से विभिन्न सड़कों और स्ट्रीट लाइटों की मेला से पूर्व मरम्मती कराने, सोनपुर में स्थाई सीसीटीवी, महिलाओं के लिए शौचालय, स्मारिका प्रकाशन सहित कई अन्य प्रकार के सुझाव मिला है। एशिया प्रसिद्ध सोनपुर मेला क्षेत्र के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा 25 करोड़ रुपए स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत स्वीकृति दी गई है। संपूर्ण मेला क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पर्यटन विभाग द्वारा कार्य योजना तैयार की जा रही है। इस कार्ययोजना के ब्लूप्रिंट का प्रेजेंटेशन भी पॉवर पॉइंट के माध्यम से चयनित एजेंसी द्वारा किया गया। हालांकि अंतिम रूप से स्वीकृत कार्य योजना के अनुरूप मेला क्षेत्र को स्थाई रूप से विकसित करने को लेकर कार्रवाई की जायेगी।
बुनियादी ढांचे और सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरा और ड्रोन कैमरा से होगी निगरानी
सारण के भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि विगत वर्षों के मेले सहित प्रत्येक वर्ष के मेले का विधिवत डॉक्यूमेंटेशन किया जाए। इसमें स्थानीय लोगों को भी आवश्यक सहयोग देने को कहा गया। वही। जिला उपविकास आयुक्त एवं सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी ने मेला के आयोजन की तैयारी के संबंध में जानकारी दी। सोनपुर मेले में बुनियादी ढांचे और सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरा और ड्रोन आदि के लिए निविदा के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही मेला परिसर में साफ- सफाई, भोजन व्यवस्था और टेंट/पंडाल के लिए भी अलग- अलग टेंडर के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है। मेले में आने वाले मेहमानों और पशुओं को पीने के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। चौबीसों घंटे एम्बुलेंस सुविधा के साथ- साथ पशु चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। सोनपुर मेला स्थल पर आपदा प्रबंधन टीम और भगदड़ नियंत्रण दल भी मौजूद रहेंगे।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान शौचालय और चेंजिंग रूम की व्यवस्था रहेगी
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले सोनपुर मेले का प्रचार- प्रसार पूरे जोर- शोर से किया जाएगा। स्थानीय इलाकों में माइकिंग की जाएगी, मेला क्षेत्र के प्रवेश के सभी मार्गों पर होर्डिंग लगाया जाएगा। मेले में आयोजित दैनिक कार्यक्रमों को लोगों तक पहुचाने के लिए सोशल मीडिया का उपयोग किया जाएगा। मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सारण पुलिस जगह- जगह हेल्प डेस्क बनाएगी। छेड़छाड़ के मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस अधिकारी सिविल ड्रेस में शरारती तत्वों पर नजर रखेंगे। वहीं लोगों की सुविधा के लिए खोया- पाया काउंटर भी स्थापित किया जाएगा। महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के अवसर पर भीड़ नियंत्रण का दबाव बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उचित आपातकालीन प्रवेश और निकास बिंदुओं की स्पष्ट रूप से पहचान की जाएगी और उचित तरीके से साइनेज लगाए जाएंगे।
बैठक में इनकी थी उपस्थिति
बैठक में अध्यक्ष नगर पंचायत सोनपुर, मेला समिति के अध्यक्ष, उपविकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हरिहर नाथ मंदिर प्रबंधन के विभिन्न पदाधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों के स्थानीय प्रतिनिधिगण, सोनपुर के भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।