Bihar: दिल्ली से फ्लाइट से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे 8,774 सिम कार्ड, साइबर अपराधी नेपाल से आए थे लेने
Gopalganj News: गोपालगंज में उत्तर प्रदेश और बिहार के बलथरी चेक पोस्ट से चेकिंग के दौरान बरामद किए गए 8,774 सिम कार्ड और नेपाल करेंसी मामले में नया मोड़ आ गया है। अब इसका दिल्ली कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी पर आगे की कार्रवाई कर रही हैं।
विस्तार
बिहार के गोपालगंज के कुचायाकोट थानाक्षेत्र के बलथरी चेक पोस्ट से शुक्रवार को पश्चिम बंगाल नंबर की कार से आठ हजार से अधिक सिम कार्ड बरामद हुए थे। साथ ही 18 हजार आठ सौ नेपाली करेंसी भी मिली थी। अब इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है। पुलिस की जांच में दिल्ली का कनेक्शन सामने आया है। जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। बिहार पुलिस की रिपोर्ट के बाद आर्थिक अपराध इकाई भी इसकी जांच कर सकती है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को यूपी-बिहार के बलथरी चेक पोस्ट से गिरफ्तार किए गए तीन अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधियों ने पुलिस की पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इनके पास से 8,774 विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड और 18 हजार आठ सौ रुपये नेपाली करेंसी के साथ पांच मोबाइल जब्त किए हैं। नेपाल के कठमांडू से साइबर अपराध को ऑपरेट किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली से सिम कार्ड को फ्लाइट से गोरखपुर मंगाया गया था। फिर नेपाल से पहुंचे साइबर अपराधियों ने गोरखपुर एयरपोर्ट पर ही सिम कार्ड को रिसीव किया था। यहां से सभी अपराधी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में जाने वाले थे। लेकिन इससे पहले ही बलथरी चेक पोस्ट के पास वाहन जांच के दौरान कुचायकोट पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस लोकसभा चुनाव को लेकर बलथरी चेक पोस्ट पर वाहन जांच अभियान चला रही थी। जांच के दौरान ही पश्चिम बंगाल नंबर की एक कार को रोककर तलाशी ली गई। उस दौरान विभिन्न मोबाइल कंपनियों के 8,774 सिम कार्ड मिले। साथ ही 18 हजार आठ सौ रुपये नेपाली करेंसी जब्त की गई। पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की। इसी पूछताछ में बहुत सी जानकारी मिली है, जिस पर जांच की जा रही है।