Bihar: छपरा-पटना NH-19 पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत; ग्रामीणों ने जाम किया हाईवे
छपरा-पटना एनएच-19 पर तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से करीब 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
विस्तार
पटना-छपरा मुख्य मार्ग एनएच-19 फोरलेन पर मंगलवार की दोपहर तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से करीब 65 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण मौके पर वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
घटना के संबंध में बताया गया कि डोरीगंज थाना क्षेत्र के मेहरौली गांव निवासी सत्यानंद तिवारी की पत्नी निर्मला देवी मंगलवार की दोपहर पूजा-पाठ करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एनएच-19 फोरलेन पर पूर्व दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर छपरा-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। तेज बारिश के बावजूद ग्रामीण काफी देर तक सड़क पर डटे रहे। सड़क जाम होने के कारण एनएच-19 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों का आरोप था कि एनएच-19 पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जा रही है। प्रदर्शनकारी मौके पर वरीय अधिकारियों को बुलाने और उचित कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही डोरीगंज थानाध्यक्ष राज शेखर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने तथा यातायात बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।

सड़क हादसे के बाद NH-19 को जाम करते आक्रोशित ग्रामीण।