बिहार: तेजस्वी का मोदी सरकार हमला, कहा- भाजपा में रहते तो हरिश्चंद्र होते; MLC चुनाव को लेकर क्या दावा किया?
Bihar Politics: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एमएलसी चुनाव को लेकर बड़ा दावा कर दिया है। कांग्रेस से अलग होकर चुनाव लड़ने का भी उन्होंने जवाब दिया। इतना ही नहीं तेजस्वी यादव ने मोदी सरकार और केंद्रीय एजेंसियों पर भी हमला बोला। आइये जानते हैं उन्होंने क्या कहा?
विस्तार
आईआरसीटीसी होटल टेंडर घोटाला से जुड़े केस को लेकर दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश होने बाद लालू परिवार पटना लौट चुका है। पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर फिर से हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजद नेताओं के खिलाफ ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। तेजस्वी ने कहा कि उनकी पार्टी कानूनी लड़ाई मजबूती से लड़ रही है और अदालत के सामने अपना पक्ष रख रही है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि कोर्ट का नियम तो हम लोग फॉलो करते रहते हैं। जितना कोऑपरेट करना है कोर्ट को, हम कर रहे हैं। पूरा परिवार कर रहा है। लेकिन यह केस-मुकदमा तो आप सब लोग जानते हैं। केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि भाजपा में हम लोग रहते, तो राजा हरिश्चंद्र रहते। भाजपा से लड़ रहे हैं, तो ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स... इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि राजद नेता मजबूती से अदालत में अपना पक्ष रख रहे हैं और जनता भी सब कुछ समझ रही है।
'ईडी-सीबीआई विपक्षी नेताओं को फंसाती है'
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के नेताओं को केंद्रीय जांच एजेंसियों के जरिए निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आप नहीं देख रहे हैं, हर जगह ईडी और सीबीआई करती क्या है? विपक्षी दलों के नेताओं को फंसाती है। उन्होंने कहा कि राजद नेताओं के पीछे ये एजेंसियां काफी समय से लगी हुई हैं। तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि जैसे-जैसे चुनाव आयोग को लेकर सवाल सामने आए हैं, वैसे ही ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग को लेकर भी स्थिति सामने आएगी।
छह तारीख को सांसद करेंगे प्रदर्शन
तेजस्वी यादव ने कहा कि देश के हालात को लेकर लोग सड़क पर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बैठक में आगे के कार्यक्रम को लेकर एक्शन प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि 6 तारीख को संसद के सभी सदस्य प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद विपक्षी नेता राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कई जगहों पर रैलियां आयोजित करने की भी बात कही।
मतदाता सूची : नितिन नवीन के पिता के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले का नाम वोटर लिस्ट से गायब; मायावती कनेक्शन क्या है?
ज्ञानेश कुमार को लेकर भी साधा निशाना
चुनाव आयोग को लेकर तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार ने जो "गलती नहीं, पाप" किया है, उसकी सजा उन्हें मिलेगी। उन्होंने कहा कि उन्हें बचाने वाले और उन्हें पद पर बैठाने वाले लोगों को भी छोड़ा नहीं जाएगा।
चुनाव को लेकर बोले- राजद अलग-अलग चुनाव लड़ती रही है
विधान परिषद चुनाव में महागठबंधन के बीच मतभेद के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि इतिहास को देखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि स्नातक, शिक्षक या स्थानीय निकाय के चुनाव हों, राजद पहले भी अलग-अलग चुनाव लड़ती रही है। उनके मुताबिक पिछली बार भी स्थानीय निकाय चुनाव में राजद अलग-अलग लड़ी थी और पार्टी ने पांच सीटें जीती थीं। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि इस बार भी जीतेंगे।