बिहार: जयप्रभा सेतु पर पहुंची छात्रा ने सरयू में लगाई छलांग, तलाश में जुटी दो राज्यों की पुलिस
बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित जयप्रभा सेतु से गुरुवार को 25 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा सौम्या सिंह ने कथित तौर पर सरयू नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव में छात्रा लापता हो गई। दोनों राज्यों की पुलिस और गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर स्थित जयप्रभा सेतु से गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 25 वर्षीय इंजीनियरिंग की छात्रा ने कथित तौर पर सरयू नदी में छलांग लगा दी। नदी की तेज धारा और अत्यधिक गहराई के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बिहार और उत्तर प्रदेश की पुलिस गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा की तलाश में जुटी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया आंखों देखा हाल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती दोपहर के वक्त सेतु के पिलर नंबर दो के समीप पहुंची थी। कुछ देर तक वहां रुकने के बाद उसने अचानक रेलिंग के ऊपर से नदी में छलांग लगा दी। पानी में गिरने के बाद वह तेज धारा के साथ बहते हुए धनी छपरा गांव के सामने तक पहुंच गई। वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सरयू नदी का तेज बहाव और अधिक जलस्तर होने के कारण कोई भी उसके पास नहीं पहुंच सका।
मां ने चेक पोस्ट पहुंचकर दी सूचना, युवती की पहचान हुई
घटना के तुरंत बाद एक महिला रोते हुए स्थानीय उत्पाद विभाग के चेक पोस्ट पर पहुंची और अपनी बेटी के नदी में कूदने की सूचना दी। महिला ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र के सेवक राय के टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह की पत्नी रेखा देवी के रूप में बताई। रोते हुए मां ने बताया कि नदी में छलांग लगाने वाली युवती उनकी 25 वर्षीय बेटी सौम्या सिंह है। सौम्या ने ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्तमान में दिल्ली के बदरपुर इलाके में कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम पसर गया है।
दोनों राज्यों की पुलिस और नाविकों ने शुरू किया तलाशी अभियान
घटना की सूचना मिलते ही बिहार के मांझी थाना क्षेत्र और उत्तर प्रदेश सीमा की पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंची। पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और परिजनों की मौजूदगी में नाव के सहारे सरयू नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक छात्रा या उसके शव का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर सौम्या ने किन परिस्थितियों में नदी में छलांग लगाई।
ये भी पढ़ें- नेपाल त्रासदी के बाद बिहार में अलर्ट: CM सम्राट चौधरी ने सोनपुर से वाल्मीकिनगर तक किया गंडक का हवाई सर्वेक्षण
दो दिनों में नदी में छलांग लगाने की दूसरी घटना
सारण जिले में नदी पुल से छलांग लगाने की यह दो दिनों के भीतर दूसरी घटना है। इससे पहले बुधवार को मकेर थाना क्षेत्र के रेवा स्थित गंडक नदी पुल से एक संगीत शिक्षक शेखर सुमन ने कथित तौर पर छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उस मामले की जांच अभी जारी ही थी कि मांझी के जयप्रभा सेतु से हुई इस घटना ने प्रशासन और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।