Bihar News: बहन से मिलने निकला इंजीनियर नहीं लौटा घर, ट्रक की टक्कर ने उजाड़ दिया परिवार
सारण जिले के टेहटी गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 30 वर्षीय इंजीनियर उदय कुमार गिरी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार छोटू कुमार गिरी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बहन के घर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
विस्तार
सारण जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बहन के घर जा रहे एक युवा इंजीनियर की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
टेहटी गांव के पास हुआ भीषण सड़क हादसा
हादसा खरीदाहा-भिठ्ठी सड़क पर टेहटी गांव के समीप शुक्रवार देर रात हुआ। दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बहन के घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान भेल्दी थाना क्षेत्र के चांदचक गांव निवासी नागेश्वर गिरी के 30 वर्षीय पुत्र उदय कुमार गिरी के रूप में हुई है। वहीं, उनके साथ बाइक पर सवार छोटू कुमार गिरी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
पीएमसीएच ले जाते समय इंजीनियर ने तोड़ा दम
परिजनों के अनुसार, उदय कुमार गिरी अपने गांव के ही छोटू कुमार गिरी के साथ गौरा थाना क्षेत्र के गौरा महमदपुर स्थित अपनी बहन के घर जा रहे थे। टेहटी गांव के पास पहुंचते ही ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। लेकिन पटना पहुंचने से पहले ही रास्ते में उदय कुमार गिरी ने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें- Bankipur Vidhan Sabha: 7717 और 98299 का अंतर पाट सकेंगे प्रशांत किशोर? राजद से पार पाना भी होगा चुनौती
गांव पहुंचा शव तो मच गया कोहराम
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव जैसे ही चांदचक गांव पहुंचा, पूरे गांव में मातम छा गया। पत्नी काजल देवी पति का शव देखकर बेहोश हो गईं। मां शोभा देवी, पिता नागेश्वर गिरी और बड़े भाई धर्मेंद्र गिरी तथा अमरेंद्र कुमार गिरी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मासूम पुत्री हर्षिता और पुत्र अभिराज अपने पिता को निहारते रहे। उदय कुमार गिरी तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। ट्रक की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।