Bihar: अज्ञात वाहन ने बाइक सवार किसान को रौंदा, मौके पर ही मौत...दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम
Bihar: शारदा यादव की मौत से उनके घर में कोहराम मच गया है। पत्नी गुलबदन देवी बार-बार बेहोश हो रही हैं। मृतक के चार पुत्र अनूप लाल यादव, अमरेश यादव, अमोद यादव और पप्पू कुमार पिता की असामयिक मृत्यु से स्तब्ध हैं।
विस्तार
गोपालगंज जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भोरे-मीरगंज मुख्य पथ स्थित फक्कड़पुर दुर्गा मंदिर के समीप बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान मजीरवां कला रामपुर निवासी स्व. द्वारिका चौधरी के 55 वर्षीय पुत्र शारदा यादव के रूप में की गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शारदा यादव एक मांगलिक कार्यक्रम से निमंत्रण देकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान फक्कड़पुर दुर्गा मंदिर के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन कुछ दूरी तक उन्हें घसीटता हुआ ले गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद वाहन से एक युवक उतरा और बाइक को हटाने लगा, इस दौरान उसका मोबाइल घटनास्थल पर गिर गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल शारदा यादव को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पढ़ें: गांव के युवकों की पिटाई से तंग आकर छात्र ने की खुदकुशी, बिलखते पिता बोले- पूजा को लेकर था पुराना विवाद
शारदा यादव की मौत से उनके घर में कोहराम मच गया है। पत्नी गुलबदन देवी बार-बार बेहोश हो रही हैं। मृतक के चार पुत्र अनूप लाल यादव, अमरेश यादव, अमोद यादव और पप्पू कुमार पिता की असामयिक मृत्यु से स्तब्ध हैं। परिजनों ने बताया कि शारदा यादव परिवार के मुखिया थे और खेती-बारी से ही पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। ग्रामीणों के अनुसार वे बेहद मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के व्यक्ति थे। इधर, पुलिस घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन के आधार पर जांच में जुट गई है। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।