बिहार: छठ की खुशियां मातम में बदलीं, सारण में मिट्टी का टीला धंसने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत
सारण के बनियापुर प्रखंड के कमता गांव में छठ पूजा के लिए मिट्टी लाने गए दो बच्चों की टीला धंसने से दबकर मौत हो गई। मृतकों में 12 वर्षीय अंकुश कुमार और 13 वर्षीय जुली कुमारी शामिल हैं। दोनों बच्चे मिट्टी का चूल्हा बनाने के लिए पोखर के पास मिट्टी निकाल रहे थे।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
छठ महापर्व की तैयारियों के बीच सारण जिले के बनियापुर प्रखंड के कमता गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कमता पोखर के समीप मिट्टी निकालने के दौरान अचानक मिट्टी का टीला धंसने से दो बच्चों की दबकर मौत हो गई।
मृतकों की पहचान वार्ड संख्या-10 निवासी मंजय राय के 12 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार और वार्ड संख्या-7 निवासी विशुन साह की 13 वर्षीय पुत्री जुली कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, छठ पूजा के लिए घरों में मिट्टी का चूल्हा बनाने की तैयारी चल रही थी। इसी सिलसिले में दोनों बच्चे अपने कुछ अन्य साथियों के साथ कमता पोखर के समीप मिट्टी लाने पहुंचे थे। वहां मिट्टी की एक डेहरी से बच्चे चूल्हा बनाने के लिए मिट्टी निकाल रहे थे। इसी दौरान करीब छह फीट ऊंचा मिट्टी का टीला अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। टीले के धंसने से अंकुश और जुली उसकी चपेट में आ गए और मिट्टी के नीचे दब गए।
साथ गए बच्चों ने मचाया शोर, ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव कार्य
हादसा इतना अचानक हुआ कि साथ मौजूद अन्य बच्चों को कुछ समझने का मौका नहीं मिला। अपने साथियों को मिट्टी के नीचे दबा देखकर बच्चे घबरा गए और जोर-जोर से शोर मचाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। मौके पर पहुंचे लोगों ने तत्काल दोनों बच्चों को मिट्टी से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। मिट्टी का ढेर अधिक होने के कारण हाथों से खुदाई कर बच्चों को निकालना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए दोनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बनियापुर पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही अस्पताल में मौजूद परिजनों की चीख-पुकार गूंज उठी। जिन घरों में छठ महापर्व को लेकर उत्साह और तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। बच्चों की असामयिक मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार: दो महीने से लापता कुंदन का नहीं मिला सुराग, दोस्त पर हत्या कर शव गंगा में बहाने का शक
स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मनोज राय ने बताया कि कमता पोखर के समीप मिट्टी की एक डेहरी है। छठ पूजा के लिए मिट्टी का चूल्हा बनाने के उद्देश्य से दोनों बच्चे अपने साथियों के साथ वहां मिट्टी लेने गए थे। इसी दौरान करीब छह फीट ऊंचा मिट्टी का टीला अचानक गिर गया और दोनों बच्चे उसके नीचे दब गए। इस घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।