Bihar: पति की मौत देख पत्नी ने भी त्याग दिए प्राण! बिहार में 20 मिनट के अंदर उठीं दो अर्थियां
Bihar: पूर्णिया जिले में एक वयोवृद्ध दंपती ने महज 20 मिनट के अंतराल में दुनिया को अलविदा कह दिया। पति वेदानंद यादव के निधन की खबर सुनते ही पत्नी मनोरमा देवी को गहरा सदमा लगा और उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
विस्तार
पूर्णिया जिले के श्रीनगर प्रखंड अंतर्गत गढ़िया बलुवा पंचायत में एक ऐसी हृदयविदारक और विरल घटना घटी, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। राजवाड़ा गढ़िया विष्णुपुर गांव (वार्ड-10) निवासी वयोवृद्ध वेदानंद यादव (80 वर्ष) और उनकी धर्मपत्नी मनोरमा देवी (75 वर्ष) ने महज 20 मिनट के अंतराल में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। जन्म-जन्म तक साथ निभाने का वादा करने वाले इस दंपती की एक साथ विदाई पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। मृतक वेदानंद यादव गढ़िया बलुवा पंचायत के पूर्व मुखिया राम यादव के बड़े भाई थे।
पति के निधन की खबर सुनते ही बिगड़ी पत्नी की हालत
परिजनों ने बताया कि मंगलवार को वयोवृद्ध वेदानंद यादव का निधन हो गया। जैसे ही उनके निधन की खबर घर के दूसरे हिस्से में मौजूद उनकी पत्नी मनोरमा देवी को मिली, वह बदहवास होकर अपने पति के अंतिम दर्शन करने पहुंचीं। अपने जीवनसाथी के पार्थिव शरीर को देखते ही उन्हें गहरा सदमा लगा और महज 20 मिनट के भीतर उन्होंने भी अपने प्राण त्याग दिए।
गांव में उमड़ी लोगों की भीड़
इस हृदयविदारक घटना की खबर फैलते ही अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने ऐसी घटना पहले कभी नहीं देखी, जहां पति की मृत्यु के शोक में पत्नी ने तुरंत दम तोड़ दिया हो।
ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री की कुर्सी सिर्फ राज्यसभा सांसदी के लिए छोड़ी थी नीतीश कुमार ने? एक महीने बाद भी हाथ खाली
एक साथ उठीं दो अर्थियां
एक साथ दो अर्थियां उठने की खबर से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग इस घटना को दंपती के अटूट प्रेम का प्रतीक बता रहे थे। वयोवृद्ध दंपती अपने पीछे एक पुत्र मिथिलेश कुमार यादव, दो पुत्रियों और पोते-पोतियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस घटना ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया है और लोग इसे लंबे समय तक याद रखेंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.