{"_id":"6a6ab281a7cbcaf248068abf","slug":"prashant-kishor-will-not-poll-his-vote-where-do-nitin-navin-vote-in-bankipur-election-bihar-news-2026-07-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bankipur Election : प्रशांत किशोर खुद को नहीं कर सकेंगे वोट; नितिन नवीन करेंगे मतदान? जानें VIP की टाइमिंग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bankipur Election : प्रशांत किशोर खुद को नहीं कर सकेंगे वोट; नितिन नवीन करेंगे मतदान? जानें VIP की टाइमिंग
Thu, 30 Jul 2026 07:40 AM IST
आदित्य आनंद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: आदित्य आनंद
Updated Thu, 30 Jul 2026 07:40 AM IST
सार
Bankipur Bihar News : बिहार की सबसे चर्चित सीट पर आज उप चुनाव हो रहा है। नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से यह विधानसभा सीट खाली हुई। प्रशांत किशोर भी प्रत्याशी हैं इस बार। लेकिन, वह वोट नहीं कर सकेंगे। जानिए, कौन चर्चित चेहरा सिर्फ अपील करेगा?
विज्ञापन
प्रशांत किशोर किस जिले के वोटर, नितिन नवीन कहां डालते हैं वोट; जानें हर जवाब इस खबर में।
- फोटो : amar ujala digital
विस्तार
बिहार की बांकीपुर सीट पर उप चुनाव में मतदान हो रहा है। कई वीआईपी के बारे में सूचनाएं आईं कि फलां कहां करेंगे वोट और फलां कहां? लेकिन, न आपको बांकीपुर के जन सुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर के मतदान करने की जानकारी मिली होगी और न बांकीपुर के पूर्व विधायक और मौजूदा राज्यसभा सदस्य नितिन नवीन के बारे में पता चला होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जैसे दिग्गजों ने भी बांकीपुर के वोटरों से घर से निकल कर मतदान की अपील की है, लेकिन यह लोग खुद नहीं निकलेंगे। क्या वजह है, यह भी समझें।
विज्ञापन
प्रशांत किशोर नहीं करेंगे बांकीपुर में मतदान
जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर अंतिम समय तक वोटरों से मतदान की अपील कर रहे हैं, लेकिन वह खुद अपने लिए वोट नहीं डालेंगे। 49 साल के प्रशांत किशोर बांकीपुर के वोटर ही नहीं। वह पटना जिले के भी वोटर नहीं। वह रोहतास के करगहर के वोटर हैं।
विज्ञापन
नितिन नवीन पटनावासी, मगर नहीं करेंगे वोट
बांकीपुर के विधायक रहे भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन खुद इस बार वोट नहीं करेंगे। वह पटना के मूल बाशिंदे हैं। उनके पिता दिवंगत नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा एक समय में पीरमुहानी के पीछे लोहानीपुर से सटे इलाके में रहते थे। वह इलाका अब भी बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में है, लेकिन नितिन नवीन खुद मिलर स्कूल ग्राउंड के पास वाले पते पर ही रह रहे हैं। यह क्षेत्र दीघा विधानसभा में है। इसलिए, वह वोट डालने नहीं निकलेंगे।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी नहीं करेंगे मतदान
मुख्यमंत्री आवास पटना में है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी पटना में रहते हैं, लेकिन वह बांकीपुर के वोटर नहीं हैं। पुराना, नया सचिवालय, विधानमंडल परिसर सहित लगभग तमाम विधायकों-विधान पार्षदों का आवास दीघा विधानसभा क्षेत्र के दायरे में आता है। इसलिए, जिन्होंने यहां का आवासीय पता रखा भी है, वह बांकीपुर में वोट नहीं करेंगे। नीतीश कुमार भी बांकीपुर के वोटर नहीं हैं। तेज प्रताप, तेजस्वी यादव सहित लालू परिवार भी नहीं। यह भी दीघा के वोटर हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने गृह जिले मुंगेर के तारापुर से विधायक भी हैं और वहीं के वोटर भी हैं।
सीपी ठाकुर, रामकृपाल, रविशंकर, चौधरी का समय देखें
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री पद्मभूषण डॉ. सीपी ठाकुर तथा नवादा सांसद विवेक ठाकुर बांकीपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के वोटर हैं। उन्होंने सुबह-सुबह वोट डालने का समय निर्धारित रखा था। इसी तरह, पटना साहिब के भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने विमेंस कॉलेज में साढ़े नौ बजे सुबह वोट डालने का समय निर्धारित कर सूचना दी थी। मंत्री अशोक चौधरी भी बांकीपुर के वोटर हैं और उन्होंने भी लगभग इसी समय तक वोट करने का समय निर्धारित कर मीडिया को सूचना दी थी। पद्मश्री डॉ. गोपाल प्रसाद एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने दोपहर बाद मतदान का समय निर्धारित किया।
नीरज सिन्हा और रेखा गुप्ता बांकीपुर के वोटर भी
भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नीरज सिन्हा और राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी रेखा गुप्ता बांकीपुर विधानसभा के न केवल प्रत्याशी हैं, बल्कि वोटर भी। नीरज मीठापुर के रहने वाले हैं और उनका बूथ भी वहीं है। इसी तरह रेखा गुप्ता पटना के बाकरगंज की रहने वाली हैं। इनका भी बूथ नजदीक में ही है। बांकीपुर सीट से उतरे प्रत्याशियों की सूची में प्रशांत किशोर के अलावा भी कई नाम हैं, जो पटना के वोटर नहीं हैं। बिहार के सभी हैं।