बिहार: प्रशांत किशोर समेत आठ लोगों को हाईकोर्ट से झटका, अंतरिम राहत देने से इन्कार; केस डायरी तलब
पटना हाईकोर्ट ने जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर समेत आठ लोगों को कथित दंगा, सरकारी कार्य में बाधा और निषेधाज्ञा उल्लंघन के मामले में अंतरिम राहत देने से इन्कार कर दिया है। अदालत ने निचली अदालत के संज्ञान आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर केस डायरी तलब की है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर समेत आठ लोगों को पटना हाईकोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है। कथित दंगा, गैरकानूनी तरीके से भीड़ जुटाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और निषेधाज्ञा के उल्लंघन के मामले में न्यायालय ने अंतरिम राहत देने से इन्कार कर दिया है। न्यायमूर्ति प्रवीण कुमार की एकलपीठ ने निचली अदालत के संज्ञान आदेश को निरस्त करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए मामले की केस डायरी तलब की है।
सरकार ने किया आरोपों का समर्थन, याचिकाकर्ताओं ने बताया झूठा मामला
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता एसडी संजय ने पक्ष रखा। उन्होंने याचिकाकर्ताओं के खिलाफ लगाए गए आरोपों को सही ठहराते हुए अदालत से किसी भी तरह की अंतरिम राहत नहीं देने का अनुरोध किया। वहीं, याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता वाईवी गिरि ने दलील दी कि मामला बिना समुचित विचार किए यांत्रिक तरीके से दर्ज किया गया है। उन्होंने पूरी कार्रवाई को झूठा और निराधार बताते हुए निचली अदालत के संज्ञान आदेश को रद्द करने की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अंतरिम राहत देने से इन्कार कर दिया और केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
प्रशांत किशोर के साथ ये सात लोग भी याचिकाकर्ता
हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने वालों में प्रशांत किशोर के अलावा मनोज कुमार भारती, विवेक कुमार, नरेंद्र प्रसाद मंडल, किशोर कुमार, अरविंद कुमार सिंह, ललन यादव और त्रिपुरारी कुमार तिवारी शामिल हैं। सभी ने पटना के एसीजेएम-द्वितीय की अदालत की ओर से उनके खिलाफ लिए गए संज्ञान के आदेश को निरस्त करने की मांग की है।
23 जुलाई 2025 को सचिवालय थाने में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
यह मामला पटना के सचिवालय थाने से जुड़ा है। मामले में 23 जुलाई 2025 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद एसीजेएम-द्वितीय की अदालत ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 190, 132 और 223 के तहत संज्ञान लिया था। इसी आदेश को चुनौती देते हुए प्रशांत किशोर समेत आठ लोगों ने हाईकोर्ट का रुख किया है। फिलहाल हाईकोर्ट ने केस डायरी तलब करते हुए मामले की आगे की सुनवाई के लिए प्रक्रिया जारी रखी है।
