Bihar: नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार: सुशांत सिंह राजपूत के भाई नीरज सिंह बबलू भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार में नई सरकार गठन के लगभग दो महीने बीत जाने के बाद मंगलवार को मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पटना स्थित राज भवन के राजेंद्र मंडपम में दोपहर 12:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें भाजपा कोटे से नौ और जेडीयू कोटे से आठ नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री के अलावा कैबिनेट में कुल 30 मंत्री हो जाएंगे।
नीरज सिंह बबलू भी मंत्री पद की दौड़ में
मंत्रियों के नाम को लेकर जारी चर्चाओं के बीच यह खबर आ रही है कि बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के भाई और छातापुर विधायक नीरज सिंह बबलू भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं। जानकारी के अनुसार भाजपा विधायक को मंगलवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्योता भेजा गया है। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है पांच बार छातापुर विधानसभा से भाजपा का परचम लहरा चुके नीरज को मंत्री पद दिया जा सकता है।
नीतीश कैबिनेट में हैं 13 मंत्री
बता दें कि फिलहाल नीतीश कैबिनेट में कुल 13 मंत्री हैं। बीते साल नवंबर महीने में सरकार गठन के वक्त भाजपा के सात, जदयू के चार, हम और वीआईपी पार्टी के एक-एक विधायक मंत्री बनाये गए थे। फिलहाल नीतीश कैबिनेट में 22 मंत्री और बनाए जा सकते हैं।
जदयू कोटे से इन्हें मिल सकती है जगह
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी और नालंदा से जेडीयू विधायक श्रवण कुमार को फिर से नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना लगभग तय है। निर्दलीय विधायक सुमित सिंह के भी मंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है। एमएलसी नीरज कुमार की भी वापसी हो सकती है। इनके अलावा मदन सहनी और दामोदर राउत के साथ भोरे विधानसभा क्षेत्र से जीत कर आए पूर्व आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
भाजपा कोटे से ये नाम हैं फाइनल
भाजपा कोटे से एमएलसी सैयद शाहनवाज हुसैन, विधायक सुभाष सिंह, अंतरराष्ट्रीय शूटर और जमुई से बीजेपी विधायक श्रेयसी सिंह, बांकीपुर विधायक नितिन नवीन, पूर्व मंत्री और झंझारपुर के विधायक नीतीश मिश्रा, दरभंगा के विधायक संजय सरावगी के साथ बरौली के विधायक रामप्रवेश राय को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। गौरतलब है कि जब से शाहनवाज की बिहार की राजनीति में एंट्री हुई थी, तब से उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन उन्होंने खुद कभी इस बात को स्वीकार नहीं किया। भाजपा कोटे से पूर्व मंत्री और मोतिहारी से विधायक प्रमोद कुमार, नौतन से विधायक नारायण प्रसाद को भी समारोह में शामिल होने का न्योता मिला है।