Bihar News: नगर निगम के ट्रैक्टर ने बुजुर्ग महिला को कुचला, मौके पर ही मौत; बड़े बेटे से मिलने जा रही थी
Nalanda News: पुलिस ने बताया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसके आधार पर ट्रैक्टर और चालक की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों के आवेदन मिलने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
नालंदा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें नगर निगम के ट्रैक्टर ने एक बुजुर्ग महिला को कुचल दिया। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के एनएच-20 पिलर नंबर 34 के पास रविवार को घटी। मृतका की पहचान लहेरी थाना क्षेत्र के वार्ड-23 विकास नगर निवासी 75 वर्षीय सावित्री देवी के रूप में हुई है। वह अपने बड़े बेटे के घर जाने के लिए निकली थीं, लेकिन बीच रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गईं।
यह भी पढ़ें- Bihar Crime:अपराधियों ने दिनदहाड़े व्यवसायी को गोली मारी, फायरिंग करते हुए भागे; एसपी ने गठित की Sit टीम
सड़क पार कर रही थी, तभी आया ट्रैक्टर
परिजनों के मुताबिक, सावित्री देवी अपने घर से निकलकर सड़क पार कर रही थीं। वह लगभग सड़क के किनारे तक पहुंच चुकी थीं, तभी नगर निगम का एक अनियंत्रित ट्रैक्टर मंगला स्थान की ओर से तेज रफ्तार में आया और उन्हें कुचलते हुए फरार हो गया। इस हृदयविदारक घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि महिला सड़क पार कर रही थीं और तभी तेज गति से आया ट्रैक्टर उन्हें रौंदता हुआ आगे बढ़ गया।
परिजन मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर अड़े
घटना के बाद मृतका के परिजन आक्रोशित हो गए और नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजे की मांग करने लगे। इसके साथ ही उन्होंने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही दीपनगर थाना अध्यक्ष जितेंद्र राम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें- Bihar News:बिहार में भूमि सर्वे की समय सीमा बढ़ी, अब 31 मार्च के बाद भी कर सकते हैं आवेदन; जानें प्रक्रिया
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही जांच
थाना अध्यक्ष जितेंद्र राम ने बताया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसके आधार पर ट्रैक्टर और चालक की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों के आवेदन मिलने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
आम जनता में आक्रोश
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम प्रशासन और वाहन चालकों की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सड़क पर ऐसे वाहनों की तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.