बिहार: 19 सितंबर को सजेगा रग्बी का मैदान, खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी सिटी लीग में जुटेंगी प्रतिभाएं
बिहार शरीफ के दीपनगर स्टेडियम में 19 सितंबर को ‘खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी सिटी लीग 2026-27’ का आयोजन होगा। भारतीय रग्बी फुटबॉल संघ के वार्षिक खेल कैलेंडर के तहत होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्कूल, कॉलेज, खेल क्लब, प्रशिक्षण केंद्र और स्वतंत्र खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।
विस्तार
नालंदा जिले के खेल प्रेमियों और रग्बी खिलाड़ियों के लिए 19 सितंबर का दिन खास होने जा रहा है। बिहार शरीफ के दीपनगर स्टेडियम में आगामी 19 सितंबर को प्रतिष्ठित ‘खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी सिटी लीग 2026-27’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। भारतीय रग्बी फुटबॉल संघ के वार्षिक खेल कैलेंडर के तहत होने वाली यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जमीनी स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का मंच देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता को लेकर नालंदा जिले के खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और युवाओं में खासा उत्साह है।
सभी वर्गों और संस्थानों के खिलाड़ियों के लिए खुला मंच
रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ नालंदा के महासचिव रेंसी राकेश राज ने प्रतियोगिता की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इसमें जिले के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंजीकृत खेल क्लबों, मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण केंद्रों के साथ-साथ स्वतंत्र रूप से खेलने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी भाग लेने का अवसर दिया गया है। प्रतियोगिता में किसी एक संस्थान या वर्ग तक भागीदारी सीमित नहीं रखी गई है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से रग्बी प्रतिभाओं को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
एसोसिएशन कार्यालय में शुरू हुआ पंजीकरण
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों और टीमों से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। इसके लिए प्रतिभागी रामचंद्रपुर बस स्टैंड के पास स्थित कुशवाहा मार्केट में रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ नालंदा के कार्यालय में पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। यह कार्यालय ओम हीरो शोरूम के सामने स्थित है। पंजीकरण और प्रतियोगिता से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारी के लिए 7903394446 पर फोन कर संपर्क किया जा सकता है। एसोसिएशन की ओर से खिलाड़ियों और टीमों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
19 सितंबर की सुबह 8:30 बजे तक ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन
आयोजन समिति ने उन खिलाड़ियों और टीमों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है, जो किसी कारणवश पहले से पंजीकरण नहीं करा सके हैं। ऐसे प्रतिभागी 19 सितंबर की सुबह ठीक 8:30 बजे सीधे दीपनगर स्टेडियम पहुंचकर ऑन-स्पॉट निबंधन करा सकेंगे। मैदान पर पंजीकरण की सुविधा खिलाड़ियों की भागीदारी को आसान बनाने के उद्देश्य से उपलब्ध कराई गई है।
जिले के खिलाड़ियों से अधिक से अधिक भाग लेने की अपील
रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ नालंदा के महासचिव रेंसी राकेश राज ने जिले के सभी खेल प्रेमियों, शिक्षण संस्थानों और रग्बी के प्रति समर्पित युवाओं से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होता है।
19 सितंबर को दीपनगर स्टेडियम में होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर आयोजन समिति तैयारियों में जुटी है। जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, खेल क्लबों, प्रशिक्षण केंद्रों और स्वतंत्र खिलाड़ियों की भागीदारी से प्रतियोगिता में रग्बी का रोमांच देखने को मिलेगा।