इंडिगो के स्टेशन प्रबंधक रूपेश सिंह की हत्या: पत्नी को मौत पर नहीं था विश्वास, आखिरी तस्वीर मंगल पांडेय के साथ
बिहार की राजधानी पटना के शास्त्री नगर में मंगलवार की शाम इंडिगो के फ्लाइट मैनेजर रूपेश की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मिली जानकारी अनुसार वे सोमवार को छुट्टी मना कर गोवा से लौटे थे। छुट्टी से लौटने के बाद मंगलवार को ड्यूटी पर उनका पहला दिन था।
गौरतलब है कि मंगलवार को जब कोरोना वैक्सीन की पहली खेप विमान से पटना पहुंची तब रूपेश एयरपोर्ट पर ही मौजूद थे। वैक्सीन को स्पाइस जेट की फ्लाइट से लाया गया था, इसके बावजूद इंडिगो कंपनी के फ्लाइट मैनेजर होने के नाते वो वहां उपस्थित थे। ऐसे में उनकी आखिरी तस्वीर जो बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत के साथ की है, वो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
पत्नी को रूपेश की मौत पर नहीं था विश्वास
गोली चलने के बाद रूपेश की पत्नी अपने दोनों बच्चों को फ्लैट पर ही छोड़ जख्मी पति को लेकर अस्पताल पहुंची, लेकिन वह रास्ते में ही दम तोड़ चुके थे। वह अस्पताल में बार-बार बेहोश हो रही थी। होश में आने पर उन्हें यहीं लग रहा था कि अस्पताल में उनके पति का इलाज चल रहा है। पति की मौत पर दो घंटे तक यकीन नहीं हुआ। उधर, दोनों बच्चे रोते-रोते पड़ोसी के घर ही सो गए।
पटना एयरपोर्ट पर विमानों के सुगम परिचालन के लिए विशेष रूप से कमेटी बनाई गई थी। यह कमेटी यात्री सुविधाओं को बहाल करने की अनुशंसा भी करती है। रूपेश इसके अध्यक्ष थे। एयरपोर्ट पर पक्षियों से विमान के लैंडिंग में हो रही परेशानी को देखते हुए इस कमेटी की अनुशंसा पर एयरपोर्ट के चारों तरफ के पेड़ों की कटाई-छंटाई की गई थी।
एयरपोर्ट पर मातम पसरा
रूपेश सिंह की हत्या की खबर सुनते ही जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मातम पसर गया। पारस अस्पताल में एयरपोर्ट कर्मियों की भीड़ जमा हो गई। सीआईएसएफ के वरीय कमांडेंट विशाल दुबे ने बताया कि रूपेश सिंह काफी लोकप्रिय थे। वह अपने परिवार के साथ गोवा गए हुए थे। सोमवार को ही वापस लौटे थे। उनकी जघन्य हत्या से पूरा एयरपोर्ट मर्माहत है। स्पाइस जेट के स्टेशन प्रबंधक एस हसन ने कहा कि उनकी हत्या से एयरपोर्ट परिवार मर्माहत है। एयरपोर्ट प्रबंधक अमलेश सिंह, स्पाइस जेट के मार्केटिंग प्रबंधक आकाश कुमार सिन्हा, रामसुंदर प्रसाद सिंह ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
छपरा भेजी गई एक टीम, दो से पूछताछ
हत्या में दो शूटर के अलावा एक लाइनर की तलाश पुलिस कर रही है। सुपारी देने वाला भी हाईप्रोफाइल बताया जा रहा है। राजनीति से जोड़कर भी एसआइटी पड़ताल कर रही है। वारदात के बाद एक टीम छपरा के लिए रवाना हो गई है। पुलिस रूपेश के करीबी और रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटा रही है। रात करीब 11:00 बजे दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
रूपेश की हत्या के पीछे की असल वजह क्या है, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस की जांच के बाद घटना के कारणों का पता चल पाएगा, लेकिन राजधानी पटना के व्यस्त इलाके में हुई हत्या से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। वहीं रूपेश की हत्या के बाद नीतीश सरकार पर भी सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
तेजस्वी ने ट्वीट के नीतीश कुमार पर बोला हमला
इस मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'सत्ता संरक्षित अपराधियों ने पटना में एयरपोर्ट मैनेजर रूपेश कुमार सिंह की उनके आवास के बाहर गोलियां मार हत्या कर दी। वह मिलनसार और मददगार स्वभाव के धनी थे। उनकी असामयिक मृत्यु से बहुत दुःखी हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। बिहार में अब अपराधी ही सरकार चला रहे हैं।'
पप्पू यादव ने किया घटनास्थल का किया दौरा
घटना के बाद एक तरह जहां तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार की सुशासन पर सवाल उठाए वहीं, दूसरी तरफ जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव ने घटनास्थल का दौरा कर मुख्यमंत्री को सब कुछ छोड़ अपराधियों पर लगाम लगाने की नसीहत दी है। पूर्व सांसद ने कहा है कि बिहार पुलिस अपराधियों से निपटने में सक्षम है। बस मुख्यमंत्री कोरोना वायरस का ताम झाम छोड़ कर अपराध की घटनाओं पर लगाम लगाने की कोशिश करें।