{"_id":"6aad5c892a0d222e660f76d7","slug":"cache-weapons-found-village-head-house-worshipping-illegal-arms-patna-news-c-1-1-noi1474-4740265-2026-09-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिहार: मुखिया के घर मिला अवैध हथियारों का जखीरा, दो पिस्टल समेत चार हथियार बरामद; दो गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिहार: मुखिया के घर मिला अवैध हथियारों का जखीरा, दो पिस्टल समेत चार हथियार बरामद; दो गिरफ्तार
Sat, 19 Sep 2026 07:42 AM IST
पटना ब्यूरो
न्यूज डेस्क,अमर उजाला, बाढ़
न्यूज डेस्क,अमर उजाला, बाढ़
Published by: पटना ब्यूरो
Updated Sat, 19 Sep 2026 07:42 AM IST
सार
बाढ़ थाना क्षेत्र के बॉसोबागी गांव में विश्वकर्मा पूजा के दिन हथियारों की पूजा और सार्वजनिक प्रदर्शन की सूचना पर एसटीएफ व बाढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। मुखिया के घर छापेमारी में दो पिस्टल, 315 बोर की रायफल और डबल बैरल गन समेत चार हथियार बरामद किए गए।
विज्ञापन
मामले की जानकारी देते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के बाढ़ थाना क्षेत्र के बॉसोबागी गांव में मुखिया के घर से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद होने का मामला सामने आया है। विश्वकर्मा पूजा के दिन हथियारों की पूजा और उनके सार्वजनिक प्रदर्शन की सूचना पर एसटीएफ और बाढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो पिस्टल, एक 315 बोर की रायफल और एक डबल बैरल गन (डीबीबीएल) समेत चार हथियार बरामद किए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपितों रणवीर कुमार (27) और राहुल कुमार (25) को गिरफ्तार किया है। दोनों बॉसोबागी गांव के रहने वाले हैं।
विज्ञापन
हथियारों की पूजा और सार्वजनिक प्रदर्शन की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को एसटीएफ और बाढ़ थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बॉसोबागी गांव में वैध हथियारों की आड़ में अवैध हथियारों की पूजा की जा रही है। साथ ही हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन किए जाने की भी सूचना थी। सूचना मिलते ही बाढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने चार हथियार बरामद किए और मौके से रणवीर कुमार तथा राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
एक पिस्टल पर मेड इन इटली, दूसरी पर मेड इन इंडिया लिखा
पुलिस के मुताबिक, बरामद दो पिस्टलों में से एक पर ‘मेड इन इटली’ और दूसरी पर ‘मेड इन इंडिया’ अंकित है। इसके अलावा पुलिस ने एक 315 बोर की रायफल और एक डबल बैरल गन यानी डीबीबीएल भी बरामद की है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बरामद 315 बोर की रायफल और डीबीबीएल गन विनोद कुमार के नाम से लाइसेंसी थीं। पुलिस के अनुसार, विनोद कुमार की करीब 15 वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी है। इसके बावजूद उनके नाम से दर्ज दोनों हथियार घर में रखे हुए मिले। इसके अलावा घर में दो पिस्टल रखने का मामला भी सामने आया है।
विज्ञापन
मुखिया समेत चार लोगों को बनाया गया आरोपित
पुलिस ने इस मामले में बाढ़ थाना कांड संख्या 623/26, दिनांक 17 सितंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी में राम प्रवेश गोप, राज कुमार गोप (मुखिया), राहुल कुमार और रणवीर कुमार को आरोपित बनाया गया है।
लाइसेंस और दस्तावेजों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब बरामद हथियारों से जुड़े लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मृत व्यक्ति के नाम से लाइसेंसी हथियार इतने वर्षों बाद भी घर में कैसे रखे हुए थे और दो पिस्टल वहां किस उद्देश्य से रखी गई थीं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।