Bihar News: बहन की डोली से पहले उठी भाइयों की अर्थी, निमंत्रण बांटने निकले दो सगे भाई ट्रक की चपेट में आए
Buxar News: बहन की शादी का निमंत्रण बांटने निकले बक्सर के दो सगे भाइयों की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। घर की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस आंगन में शहनाई बजनी थी, वहां अब दोनों भाइयों की अर्थी उठी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। लालू डेरा गांव में जिस घर में शहनाई गूंजनी थी, वहां अब सिर्फ सिसकियां हैं। बहन की शादी का कार्ड बांटने निकले दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। एक पल में पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
शादी की तैयारियों के बीच टूटा कहर
करनामेपुर थाना क्षेत्र के लालू डेरा निवासी ब्रजबिहारी पासवान के घर में बेटी की शादी की धूम थी। 3 मार्च को तिलक और 7 मार्च को बारात आनी थी। घर में मेहमानों की आवाजाही शुरू हो चुकी थी। इसी बीच बड़ा बेटा गणेश पासवान और छोटा बेटा मुन्ना पासवान मंगलवार को बाइक से रिश्तेदारों को न्योता देने निकले। किसे पता था कि यह उनकी आखिरी विदाई होगी।
कुआवन मोड़ पर काल बना ट्रक
दोपहर में बक्सर-आरा एनएच-922 पर कुआवन मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गणेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल मुन्ना को लोग अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पल भर में दो जवान बेटों की मौत से परिवार पर वज्रपात हो गया।
पढ़ें- Accident: बेकाबू कार ने ट्रक चालक समेत तीन लोगों को कुचला, मौके पर मौत; परिजनों का हंगामा, CM ने जताई संवेदना
घर में पसरा मातम, बहन बेसुध
जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, कोहराम मच गया। पिता ब्रजबिहारी पासवान बेसुध हो गए। मां और बहन का रो रोकर बुरा हाल है। जिस आंगन में हल्दी की रस्म होनी थी, वहां अब अर्थी सज रही है। बहन बार-बार यही कहकर बेहोश हो रही है कि भैया तो मुझे लेने आने वाले थे। गांव का हर शख्स नम आंखों से परिवार को ढांढस बंधा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, चालक फरार
सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपी की तलाश में छापामारी जारी है।
गांव में शोक की लहर
एक साथ दो भाइयों की मौत से लालू डेरा समेत पूरे इलाके में शोक है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों भाई बेहद मिलनसार थे। बहन की शादी को लेकर दोनों बहुत उत्साहित थे। हर काम खुद आगे बढ़कर कर रहे थे। लेकिन नियति ने ऐसा क्रूर मजाक किया कि डोली से पहले अर्थी उठ गई। अब सवाल यही है कि उस बहन का क्या होगा जिसके सिर से भाइयों का साया उठ गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.