Bihar: प्रदेश के तकनीकी छात्रों को मिलेगा IIT मुंबई से मुफ्त तकनीकी प्रशिक्षण, आज हुआ ऐतिहासिक समझौता
SBTE के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि यह समझौता बिहार के तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में बदलाव लाने वाला है। अब छात्रों को केवल डिग्री नहीं, बल्कि काम के लिए जरूरी कौशल भी मिलेगा।
विस्तार
बिहार में तकनीकी शिक्षा को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। बिहार राज्य तकनीकी शिक्षा पर्षद (SBTE) और देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT मुंबई के बीच एक समझौता (MoU) किया गया है। इसके तहत राज्य के पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों में पढ़ने वाले लाखों छात्रों को मुफ्त तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण IIT मुंबई के स्पोकन ट्यूटोरियल प्रोजेक्ट के जरिए मिलेगा। इस प्रोजेक्ट को भारत सरकार की नई शिक्षा नीति और स्किल इंडिया मिशन के तहत शुरू किया गया है।
छात्रों को Python, Java, C++, Linux, MySQL, PHP, GIMP, Blender जैसे आधुनिक सॉफ्टवेयर टूल्स की जानकारी ऑनलाइन वीडियो के माध्यम से दी जाएगी। ये वीडियो हिंदी, अंग्रेजी और अन्य भारतीय भाषाओं में होंगे, जिससे ग्रामीण और दूरदराज के छात्र भी आसानी से इन्हें समझ सकें। इस प्रशिक्षण के अंत में छात्र ऑनलाइन टेस्ट दे सकेंगे और IIT मुंबई से सर्टिफिकेट भी प्राप्त करेंगे। यह सर्टिफिकेट उनके करियर और नौकरी पाने में काफी मददगार होगा।
पढे़ं: आर्म्स एक्ट के मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए जिलों में गठित होंगी विशेष अदालतें: डीजीपी
SBTE के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि यह समझौता बिहार के तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में बदलाव लाने वाला है। अब छात्रों को केवल डिग्री नहीं, बल्कि काम के लिए जरूरी कौशल भी मिलेगा। इस ट्रेनिंग की मदद से वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मुकाबला कर सकेंगे। इस कार्यक्रम से न केवल छात्र लाभान्वित होंगे, बल्कि कॉलेज के शिक्षक और संस्थान भी इससे जुड़ेंगे। सभी संस्थानों में एक स्थानीय कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया जाएगा, जो छात्रों की ट्रेनिंग और परीक्षा में मदद करेगा। SBTE का लक्ष्य है कि आने वाले 6 महीनों में राज्य के सभी सरकारी पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों में इस प्रशिक्षण को शुरू कर दिया जाए।