बिहार: पटना में महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी, मायके वालों का आरोप- दोनों हाथ बंधे थे, गर्दन पर निशान
पटना सिटी के खाजेकलां में 23 वर्षीय पूजा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए हाथ बंधे होने और गर्दन पर निशान का आरोप लगाया। पुलिस ने पति के परिजनों से पूछताछ शुरू की है।
विस्तार
पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र की तंग गलियों में सोमवार सुबह 23 वर्षीय पूजा का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने के बाद सनसनी फैल गई। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक कोई आहट नहीं होने पर खिड़की से देखने पर परिजनों को पूजा का शव फंदे से लटका दिखाई दिया।
परिजनों के अनुसार, पूजा की शादी कुछ वर्ष पहले हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके वैवाहिक जीवन में तनाव चल रहा था। पूजा के पति के किसी अन्य महिला से संबंध होने का भी आरोप लगाया गया है। मायके वालों का कहना है कि पति की ओर से पूजा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और उसे पत्नी का उचित सम्मान नहीं मिलता था।
घटना से एक रात पहले पूजा का हालचाल लेने और उसके वैवाहिक जीवन में चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए उसका बहनोई ससुराल पहुंचा था। देर रात तक बातचीत हुई। इसके बाद वह वहां से चला गया। सुबह पूजा की मौत की जानकारी परिजनों को मिली।
पढे़ं: बिहार में वकील की हत्या; कोर्ट से जुड़े किसी विवाद के कारण अधिवक्ता के मर्डर की आशंका
पूजा के मायके वालों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि पूजा के दोनों हाथ बंधे हुए थे, गर्दन पर निशान थे और मुंह से खून निकल रहा था। उनका यह भी आरोप है कि पुलिस-प्रशासन ने उन्हें शव को अंदर से देखने की अनुमति नहीं दी और उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया।
सूचना मिलने के बाद खाजेकलां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतका के पति के भाई और बहन को पूछताछ के लिए रोक रखा है।
वहीं, प्रशासन ने परिजनों के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। प्रशासन का कहना है कि लगाए जा रहे आरोप सही नहीं हैं। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।