Bihar: 15 देशों के भिक्षुओं की मौजूदगी में होगा स्मृति स्तूप का उद्घाटन, वैशाली बनेगा पर्यटन का नया केंद्र
Bihar: परिसर में ध्यान केंद्र, पुस्तकालय, आगंतुक केंद्र, संग्रहालय ब्लॉक, एम्फीथिएटर, कैफेटेरिया, 500 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र, पार्किंग क्षेत्र और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इसके अतिरिक्त, ओडिशा के कलाकारों द्वारा निर्मित भगवान बुद्ध की एक विशेष प्रतिमा इस परिसर की विशिष्ट पहचान होगी।
विस्तार
वैशाली में निर्मित बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप का उद्घाटन जुलाई के अंतिम सप्ताह में किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर चीन, जापान, श्रीलंका, थाईलैंड, नेपाल, तिब्बत, म्यांमार, मलेशिया, भूटान, वियतनाम, कंबोडिया, मंगोलिया, लाओस, बांग्लादेश और इंडोनेशिया जैसे 15 बौद्ध देशों से भिक्षु वैशाली पहुंचेंगे।
यह स्मारक 550.48 करोड़ रुपये की लागत से 72 एकड़ भूमि पर विकसित किया गया है। इसे पवित्र पुष्करणी तालाब और ऐतिहासिक मड स्तूप के समीप निर्मित किया गया है। वर्ष 1958-62 के दौरान हुई पुरातात्विक खुदाई में प्राप्त भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेषों का कलश इस संग्रहालय का मुख्य आकर्षण होगा, जिसे संग्रहालय के प्रथम तल पर स्थापित किया जाएगा।
पढ़ें: सनकी पुत्र ने मां की पीट-पीटकर कर दी हत्या, पूर्व में पत्नी की हत्या के मामले में जा चुका है जेल
पूरी तरह पत्थरों से निर्मित यह स्तूप राजस्थान के वंशी पहाड़पुर से लाए गए 42,373 बलुआ पत्थरों से टंग एंड ग्रूव तकनीक के माध्यम से जोड़ा गया है। इसे आधुनिक भूकंपरोधी तकनीकों से बनाया गया है ताकि इसकी संरचना सदियों तक सुरक्षित रह सके। स्तूप के चारों ओर लिली पोंड, आकर्षक मूर्तियां और सुंदर बागवानी इसे एक विशिष्ट रूप प्रदान करती हैं।
परिसर में ध्यान केंद्र, पुस्तकालय, आगंतुक केंद्र, संग्रहालय ब्लॉक, एम्फीथिएटर, कैफेटेरिया, 500 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र, पार्किंग क्षेत्र और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इसके अतिरिक्त, ओडिशा के कलाकारों द्वारा निर्मित भगवान बुद्ध की एक विशेष प्रतिमा इस परिसर की विशिष्ट पहचान होगी।
यह स्मृति स्तूप न केवल बौद्ध श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि वैशाली को विश्व बौद्ध पर्यटन के मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाएगा। साथ ही, यह स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा और बिहार के सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।