{"_id":"688cf537cd62b2939f044d49","slug":"bihar-nitish-doubled-honorarium-of-2-56-lakh-workers-10-lakh-hope-to-change-lives-of-more-than-100-people-2025-08-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: CM नीतीश ने 2.56 लाख कर्मियों का दोगुना किया मानदेय, 10 लाख से अधिक लोगों के जीवन में बदलाव की उम्मीद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: CM नीतीश ने 2.56 लाख कर्मियों का दोगुना किया मानदेय, 10 लाख से अधिक लोगों के जीवन में बदलाव की उम्मीद
Fri, 01 Aug 2025 10:41 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Fri, 01 Aug 2025 10:41 PM IST
सार
Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता में जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उनका श्रम अमूल्य है और उसे उचित सम्मान देना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार सरकार ने शिक्षा और सेवा क्षेत्र से जुड़े हजारों कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी करते हुए न सिर्फ उनके आर्थिक जीवन को सशक्त किया है, बल्कि सामाजिक समरसता और समर्पण को भी मान्यता दी है। इस फैसले से जहां सीधे तौर पर 2.56 लाख से अधिक कर्मियों को राहत मिलेगी, वहीं 10,24,000 से अधिक लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।
विज्ञापन
रसोइयों को मिला दोगुना सम्मान, अब 3300 रुपये मासिक मानदेय
राज्य सरकार ने मध्याह्न भोजन योजना (MDM) के तहत कार्यरत 2,38,000 रसोइयों और सहायक रसोइयों का मासिक मानदेय 1650 रुपये से बढ़ाकर 3300 रुपये कर दिया है। बिहार के 70,000 से अधिक सरकारी विद्यालयों में प्रतिदिन लाखों बच्चों को गर्म और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में इन रसोइयों की भूमिका केंद्रीय रही है। अब तक बेहद कम वेतन पर काम करने वाले इन कर्मियों को इस निर्णय से न केवल आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि उनके कार्य को सामाजिक स्वीकृति और सम्मान भी मिलेगा।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Bihar : DMCH में जूनियर डॉक्टरों ने मरीजों का इलाज करना किया बंद, जानिए किस बात का कर रहे हैं विरोध
विज्ञापन
शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों का आत्मबल बढ़ा
बिहार के प्राथमिक विद्यालयों में तैनात 8,386 शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों का मासिक मानदेय 8,000 रुपये से बढ़ाकर 16,000 रुपये कर दिया गया है। यह निर्णय इन शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति उनके योगदान को मान्यता देने की दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम है। इस बढ़ोतरी से न सिर्फ अनुदेशकों का आत्मबल बढ़ेगा, बल्कि विद्यालयों में खेलकूद और स्वास्थ्य शिक्षा को भी नया आयाम मिलेगा।
स्कूल सुरक्षा में लगे नाइट गार्ड्स को भी मिली राहत
राज्यभर में स्कूल परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में दिन-रात डटे रहने वाले 9,360 रात्रि प्रहरी (नाइट गार्ड्स) के मानदेय में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दोगुनी वृद्धि की घोषणा की है। इससे अब ये गार्ड्स न केवल अपनी पारिवारिक जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर सकेंगे, बल्कि समाज में उनके कार्य को भी उचित मान्यता मिलेगी।
यह भी पढ़ें- Bihar: बिहार में पहली बार होगी एशिया रग्बी U-20 चैंपियनशिप 2025, सीएम नीतीश ने किया शुभंकर और लोगो का अनावरण
‘मानदेय में वृद्धि, श्रम का सम्मान’
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता में जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उनका श्रम अमूल्य है और उसे उचित सम्मान देना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। यह मानदेय वृद्धि उनके सेवा समर्पण का सम्मान है।