Bihar: किराना दुकान में लगी भीषण आग, 10 लाख से अधिक का नुकसान; स्थानीय लोगों की मदद से पाया गया काबू
Bihar: मोहम्मद साकिब ने बताया कि दुकान में अनाज के अलावा लाखों रुपये मूल्य के कोल्ड ड्रिंक्स, फ्रिज और अन्य जरूरी सामान थे। आग लगने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित दुकानदार ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी है। पढ़ें पूरी खबर
विस्तार
पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत दुल्हिन बाजार स्थित निजामपुर गांव में मंगलवार सुबह एक किराना दुकान में अचानक आग लग गई। आशंका जताई जा रही है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा अनाज, कोल्ड ड्रिंक्स, फ्रीज सहित अन्य सामान जलकर खाक हो गया। इस अग्निकांड में लगभग 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
घटना मोहम्मद साकिब अंसारी की किराना दुकान में घटी, जो उस वक्त बंद थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह-सुबह दुकान से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना दुकानदार को दी। मौके पर पहुंचे मोहम्मद साकिब ने देखा कि उनकी दुकान धू-धू कर जल रही है और अंदर रखा लगभग सारा सामान आग की चपेट में आ चुका है।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैली, वरना नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
पढ़ें; चाय की दुकान की आड़ में चल रहा था नशे का धंधा, 2 किलो 446 ग्राम गांजा बरामद; कारोबारी गिरफ्तार
मोहम्मद साकिब ने बताया कि दुकान में अनाज के अलावा लाखों रुपये मूल्य के कोल्ड ड्रिंक्स, फ्रिज और अन्य जरूरी सामान थे। आग लगने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित दुकानदार ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी है। हालांकि आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।