Bihar Election: हम के राष्ट्रीय सचिव रंजीत चंद्रवंशी ने दिया इस्तीफा, मांझी परिवार पर लगाया परिवारवाद का आरोप
Bihar Vidhansabha Chunav 2025: रंजीत चंद्रवंशी ने कहा कि हम पार्टी अब सिर्फ अपने परिवार के हित की सोचती है। यहां समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए कोई जगह नहीं है। पार्टी के भीतर न लोकतंत्र बचा है और न ही कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की स्वतंत्रता।
विस्तार
बिहार की सियासत में एक और सियासी भूचाल देखने को मिला है। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय सचिव रंजीत चंद्रवंशी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं हम के संरक्षक जीतनराम मांझी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मंत्री संतोष मांझी पर परिवारवाद और तानाशाही का गंभीर आरोप लगाया है।
रंजीत चंद्रवंशी ने कहा कि हम पार्टी अब सिर्फ अपने परिवार के हित की सोचती है। यहां समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए कोई जगह नहीं है। पार्टी के भीतर न लोकतंत्र बचा है और न ही कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की स्वतंत्रता। पिता-पुत्र अपने हिसाब से पार्टी की रूपरेखा तय करते हैं, बाकी सबकी अनदेखी होती है।
पढे़ं: राजद के सामने सारण की मांझी सीट पर कड़ा फैसला, ब्राह्मण कार्ड या MY समीकरण? जानें
उन्होंने कहा कि पार्टी में वर्षों की निष्ठा और सेवा के बावजूद चुनाव के समय उनकी घोर उपेक्षा की गई और उन्हें उचित जवाब तक नहीं मिला। पार्टी में पिछड़ा, अति पिछड़ा, शोषित और वंचित समाज के लोगों के लिए कोई स्थान नहीं है। इसी वजह से उन्होंने भावुक होकर इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
अपने इस्तीफा पत्र में रंजीत चंद्रवंशी ने लिखा कि वह 2018 से पार्टी से जुड़े रहे हैं और विभिन्न पदों पर रहकर तन, मन और धन से संगठन को मजबूत करने का काम किया है। इसके बावजूद आज राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से उन्हें लगातार अनदेखा किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।