Nitish Kumar : सीएम नीतीश कुमार वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स लंदन में; किस बात के लिए यह उपलब्धि हुई हासिल?
World Book of Records, London : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम एक बड़ी उपलब्धि आई है। अब पूरी दुनिया उन्हें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी पढ़ेगी। गिनीज बुक ने उनके बारे में विशेष टिप्पणी भी की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल कर लिया गया है। 14 नवंबर को आए बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम में प्रचंड जीत के बाद नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस उपलब्धि को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल कर लिया गया है। जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी आम जनता के बीच जारी की। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने सम्मानित करने की घोषणा की है। जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने इसे पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण बताया है।
संजय झा ने लिखा कि दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा की गई सराहना पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण है। संस्था ने इसे भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में एक अद्वितीय उपलब्धि बताते हुए कहा है कि दस बार राज्य की बागडोर संभालना जनता के अपार भरोसे, सुशासन की निरंतरता और मुख्यमंत्री की दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।” उन्होंने आगे यह भी कहा कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को अपने वैश्विक रिकॉर्ड में शामिल करने और औपचारिक सम्मान देने की घोषणा की है। जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लिखा कि यह सम्मान न केवल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है, बल्कि बिहार की प्रगति और स्थिर शासन व्यवस्था की पहचान भी है।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने पत्र भेजकर नीतीश कुमार को दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई दी है। पत्र में कहा गया है कि “यह देश के लिए गौरव की बात है कि वर्ष 1947 से 2025 तक आप देश के पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने दस बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। यह भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में एक अद्वितीय उपलब्धि है।” पत्र में आगे लिखा गया कि यह असाधारण उपलब्धि नीतीश कुमार के अटूट समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व और बिहार की जनता के भरोसे को दर्शाती है। संस्था ने कहा कि लगातार दस बार राज्य का नेतृत्व करना लोकतांत्रिक इतिहास में एक दुर्लभ उपलब्धि है। यह न केवल एक उल्लेखनीय व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए भी गर्व का क्षण है।
संस्था ने यह भी कहा कि शासन, विकास, सामाजिक कल्याण और प्रशासनिक स्थिरता के प्रति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का निरंतर प्रयास लाखों लोगों को प्रेरित करता रहेगा। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने सूचित किया कि इस अनुकरणीय उपलब्धि के सम्मान में वह नीतीश कुमार का नाम अपनी प्रतिष्ठित वैश्विक सूची में शामिल करेगा और आधिकारिक प्रमाण पत्र समर्पित करेगा। ज्ञातव्य है कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स एक अग्रणी वैश्विक संस्था है, जो असाधारण विश्व रिकॉर्ड और उल्लेखनीय उपलब्धियों को पहचान देने और पंजीकृत करने के लिए जानी जाती है। यह संस्था दुनिया भर के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, संस्थानों और ऐतिहासिक स्थलों की उपलब्धियों और योगदानों का सम्मान करती है।