Bihar: ऑटो ओवरटेक कर व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, एक हफ्ते में हुईं 3 घटनाओं पर INDIA ने सुशासन सरकार को घेरा
Arrah Crime: व्यवसायी की हत्या की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे इंडिया गठबंधन प्रत्याशी ने मीडिया से कहा कि विगत एक सप्ताह के अंदर तीन हत्या हो गईं, कहां है सुसाशन की सरकार। एनडीए सरकार में अपराधियों के अंदर से सरकार और पुलिस का डर खत्म हो चुका है।
विस्तार
बिहार के आरा में आलू व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के वक्त व्यवसायी दुकान से बेटे के साथ ऑटो में बैठकर घर लौट रहे थे। तभी बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। घटना पीरो-बिहिया स्टेट हाईवे पर जगदीशपुर थाना क्षेत्र के त्रिमूर्तिया टोला के पास घटी। घटना के सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के नगर स्थित कोतवाली मोहल्ला निवासी दिवंगत हीरालाल साह के बेटे मुनमुन साह (59) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह 40 वर्षों से बिहिया ओवर ब्रिज स्थित जज बाजार में आलू का व्यवसाय करते थे। जो रोजाना सुबह पांच बजे घर से बिहिया अपने दुकान जाते थे और आलू बेचकर शाम को जगदीशपुर घर लौट जाते थे। गुरुवार को दुकान बंद कर अपने बड़े पुत्र सोनू कुमार के साथ आटो पर बैठकर जगदीशपुर अपने घर आ रहे थे। इसी दौरान त्रिमुर्तिया और देवघर के बीच ऑटो को ओवरटेक कर बाइक सवार तीन बदमाश उन्हें गोली मारकर फरार हो गए, जिससे घटनास्थल पर ही मुनमुन साह की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मुनमुन साह की छाती में दाहिनी तरफ गोली लगी और बाईं तरफ से होकर बाहर निकल गई। घटना के बाद जगदीशपुर और बिहिया में हड़कंप मच गया।
इसके बाद मुनमुन साह को अनुमंडलीय अस्पताल जगदीशपुर में ले जाया गया, जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूचना पर डीएसपी राजीव चंद्र सिंह और थानाध्यक्ष विगाउ राम दल बल के साथ मौके पर पहुंच छानबीन में जुट गए।
डीएसपी राजीव चंद्र सिंह ऑटो चालक करण कुमार से घटना को लेकर गहनता से पूछताछ कर कार्रवाई में जुट गए हैं। बताया जाता है कि ऑटो पर चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। डीएसपी ने ऑटो चालक के साथ घटनास्थल का मुआयना कर ऑटो पर कहां से लोग चढ़े और कहां जा रहे थे और कौन थे, इसकी जानकारी जुटा रहे हैं।
इधर, घटना के बाद अनुमंडलीय अस्पताल प्रांगण में लोगों का गुस्सा भी देखने को मिला। सड़क जाम करने जा रहे लोगों को पुलिस ने समझा-बुझा कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, पुलिस द्वारा मृतक का मोबाइल भी जब्त किया गया है। ऑटो पर से एक पिलेट और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। देर रात सदर अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
वहीं, हत्या की जानकारी मिलने के बाद इंडिया गठबंधन के आरा लोकसभा प्रत्याशी सुदामा प्रसाद सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सात्वंना दी। मीडिया से बात करते हुए वह एनडीए सरकार पर कई आरोप लगाते हुए बोले कि विगत एक सप्ताह के अंदर तीन हत्या हो गईं, कहां है सुसाशन की सरकार। एनडीए सरकार में अपराधियों के अंदर से सरकार और पुलिस का डर खत्म हो चुका है। आचार संहिता का फायदा उठा अपराधी आपराधिक घटना को अंजाम दे रहे हैं। भोजपुर एसपी अपराधियों संग कड़ा रुख अख्तियार करें और अपराध पर लगाम लगाएं अन्यथा अचार संहिता का पालन करते हुए हम लोग इसका विरोध शुरू करेंगे।